Dhanbad News: पीपीपी मोड पर संचालित कंपनी ने 1.14 करोड़ रुपये बकाया होने पर की सेवा बंद करने की घोषणाDhanbad News: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में पीपीपी मोड पर संचालित मणिपाल हेल्थ मैप केंद्र में एक फरवरी से लाल कार्डधारियों का नि:शुल्क सीटी स्कैन सेवा बंद हो जायेगी. अस्पताल प्रबंधन पर करीब एक करोड़ 14 लाख रुपये बकाया होने के बाद कंपनी ने शनिवार को नि:शुल्क सेवा बंद करने की घोषणा की. मणिपाल हेल्थ मैप प्रबंधन के अनुसार लंबे समय से अस्पताल प्रबंधन ने भुगतान नहीं किया है. कई बार मौखिक व लिखित शिकायत के बाद भी भुगतान को लेकर कोई पहल नहीं की गयी. ऐसे में विवश होकर लाल कार्डधारियों के लिए दी जा रही नि:शुल्क जांच सेवा अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लेना पड़ा.
समाप्त हो चुका है कंपनी का अनुबंध
एसएनएमएमसीएच में पीपीपी मोड पर संचालित मणिपाल हेल्थ मैप केंद्र का स्वास्थ्य विभाग के साथ अनुबंध दिसंबर 2025 में समाप्त हो चुका है. कंपनी को मार्च तक का एक्सटेंशन दिया गया है. इस वजह से कंपनी धीरे-धीरे केंद्र की सेवा समाप्त कर रही है. कंपनी की ओर से केंद्र में मरीजों को दी जाने वाली यूएसजी सेवा पूरी तरह से बंद करने की घोषणा कर दी है. रविवार से केंद्र में किसी भी मरीज का यूएसजी नहीं होगा.
