भाई के दोस्त पर किशोरी को बहला ले जाने का आरोप, चार के खिलाफ केस; एक गिरफ्तार

सुदामडीह थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और बाकी की तलाश जारी है.

सुदामडीह थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना गुरुवार की रात करीब आठ बजे की बतायी जा रही है. आरोप है कि किशोरी को उसके भाई का दोस्त घर पहुंचाने के बहाने ले गया और सुनसान स्थान पर ले जाकर अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद आरोपी फरार हो गये.

शुक्रवार को किशोरी परिजनों के साथ सुदामडीह थाना पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी. पीड़िता की मां के बयान पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने इनमें से एक आरोपी को धनबाद स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.

भाई के दोस्त पर घर पहुंचाने के बजाय सुनसान जगह ले जाने का आरोप

पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि किशोरी गुरुवार को अपनी सहेलियों के साथ राखी खरीदने झरिया बाजार गयी थी. लौटने के दौरान वह भौंरा-परसियाबाद मांझी बस्ती स्थित एक सहेली के घर चली गयी. देर होने पर किशोरी ने अपने भाई को इसकी जानकारी दी.

इसके बाद भाई ने अपने दोस्त से किशोरी को घर पहुंचाने के लिए कहा. आरोप है कि वह किशोरी को घर पहुंचाने के बजाय बीसीसीएल के एक खाली क्वार्टर में ले गया. वहां उसके अन्य साथी भी पहुंच गये. पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गये.

किशोरी किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन उसे लेकर सुदामडीह थाना पहुंचे.

धनबाद स्टेशन से एक आरोपी गिरफ्तार

मामले की जानकारी मिलने के बाद सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो सुदामडीह थाना पहुंचे और पीड़िता व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली. थाना प्रभारी आकृष्ट अमन के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

इसी दौरान शुक्रवार दोपहर पुलिस ने एक आरोपी को धनबाद स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया. उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अन्य आरोपियों के परिजनों से भी पूछताछ कर उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है.

मेडिकल जांच के लिए भेजी गयी किशोरी

पुलिस ने किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है. इसके अलावा उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करायी जा रही है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है.

कई थानों की पुलिस जुटी आरोपियों की तलाश में

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सुदामडीह पुलिस के साथ कई थानों की पुलिस को लगाया गया है. अभियान में जोड़ापोखर, पाथरडीह, घनुडीह और बलियापुर थाना की पुलिस के अलावा सिंदरी सर्किल इंस्पेक्टर की टीम भी शामिल है.

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Umesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >