शंकर प्रसाद साव
Dhanbad: धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र के डुमरा से एक महिला और उसके 6 वर्षीय मासूम बेटे के रहस्यमय तरीके से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. लापता महिला अपने बीमार पिता को देखने मायके आई थी, जहां से वह अपने बच्चे के साथ अचानक गायब हो गई. परिजनों की ओर से काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला, तो थक-हारकर सोमवार को पीड़ित पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
मायके आई थी पिता को देखने
जानकारी के अनुसार, बाघमारा बरोरा बस्ती के रहने वाले नेमचंद महतो की 27 वर्षीय पत्नी रानी कुमारी दो दिन पहले अपने मायके डुमरा (मुखिया टोला) आई थी. उसके पिता बीमार चल रहे थे, इसलिए वह उनका हाल-चाल जानने और उनकी देखभाल के लिए आई हुई थी.
कपड़े सिलाने की बात कहकर निकली
रविवार को रानी कुमारी अपने 6 वर्षीय बड़े पुत्र पीयूष कुमार के साथ शाम चार बजे डुमरा सायरबांध स्थित एक सिलाई दुकान में कपड़ा सिलाने की बात कहकर मायके से निकली थी, लेकिन दुकान जाने के बाद वह दोबारा घर वापस नहीं लौटी.
परिजनों ने रातभर खोजा, मोबाइल भी आ रहा स्विच ऑफ
जब काफी देर तक मां-बेटे घर नहीं पहुंचे, तो मायके और ससुराल पक्ष के लोगों में चिंता बढ़ गई. परिजनों ने रातभर अपने सभी रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के घर पर दोनों की काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई अता-पता नहीं चला. भुक्तभोगी पति नेमचंद महतो ने बताया कि उनकी पत्नी के पास एक मोबाइल फोन भी है, जो घटना के बाद से लगातार स्विच ऑफ (बंद) बता रहा है.
थाने में ‘सनहा’ दर्ज, पति का रो-रोकर बुरा हाल
एक साथ पत्नी और इकलौते बड़े बच्चे के लापता हो जाने से पति नेमचंद महतो गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है. सोमवार को उन्होंने बाघमारा थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया और पत्नी व बच्चे की गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया. अपहरण होने की आशंका जतायी है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी पत्नी और बच्चे को सकुशल ढूंढने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मोबाइल लोकेशन और अन्य कड़ियों के आधार पर लापता मां-बेटे की तलाश में जुट गई है.
ये भी पढ़ें…
Dhanbad News: मॉडल केंद्र की तर्ज पर अपग्रेड होंगे जिले के 400 आंगनबाड़ी केंद्र
Dhanbad: प्रेमी को छुड़ाने के लिए टावर पर चढ़ी प्रेमिका, हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
