विद्यार्थियों को वैश्विक सोच, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और समकालीन वैश्विक चुनौतियों से जोड़ने की दिशा में डीपीएस बोकारो ने एक और ऐतिहासिक पहल की है. ब्रिटिश काउंसिल के प्रतिष्ठित रिड्स (रिकॉग्निशन ऑफ इंटरनेशनल डायमेंशन इन स्कूल्स) कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण और सस्टेनेबल ट्रांसपोर्टेशन के ज्वलंत वैश्विक विषय पर नाइजीरिया के प्रसिद्ध क्रेस्टफोर्थ इंटरनेशनल स्कूल के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनूठी साझेदारी की है.
रैली में डीपीएस बोकारो के दर्जनों छात्र शामिल हुए
साझेदारी के तहत विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली, अवेयरनेस सर्वे, पोस्टर मेकिंग, प्रश्नावली एवं लॉगबुक तैयार करने जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस अभियान की कड़ी में ग्रीन व्हील्स जागरूकता रैली में डीपीएस बोकारो के दर्जनों छात्र शामिल हुए.
हाथों में रंग-बिरंगे स्लोगन, पोस्टर, बैनर व आकर्षक तख्तियां लिये दर्जनों विद्यार्थियों का यह कारवां सेक्टर-04 स्थित विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर लक्ष्मी मार्केट सहित नगर के प्रमुख क्षेत्रों से गुजरा.
खास रहा नाइजीरियाई स्कूल के बच्चों से वीडियो संवाद
अभियान का सबसे अहम हिस्सा नाइजीरिया के उक्त स्कूल के विद्यार्थियों के साथ रोचक वीडियो संवाद रहा. डिजिटल स्क्रीन के जरिये सात समंदर पार जुड़े भारत और नाइजीरिया के विद्यार्थियों ने न केवल अपनी-अपनी भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों पर विचार-विमर्श किया, बल्कि अपने-अपने देशों में सतत एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने के व्यावहारिक उपायों और नवाचारों पर खुलकर ज्ञान का आदान-प्रदान किया.
इस साझेदारी के अगले चरण में नाइजीरियाई स्कूल द्वारा आयोजित गतिविधियों और प्रोजेक्ट्स को भी डीपीएस बोकारो के साथ साझा किया जायेगा.
पर्यावरण की रक्षा करना सभी का दायित्व : प्राचार्य
विद्यालय के प्राचार्य डॉ एएस गंगवार ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है. भावी पीढ़ी के लिए हरित, स्वच्छ और स्वस्थ ग्रह का निर्माण तभी संभव है, जब हम अपनी जीवनशैली में हरित एवं संधारणीय परिवहन को अनिवार्य रूप से शामिल करें.
