Dhanbad News: 10% से अधिक विद्यार्थी फेल, आठ स्कूलों के शिक्षकों का वेतन रोका गया
Dhanbad News: जैक वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणामों की समीक्षा के बाद जिला शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई.
धनबाद, जैक वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणामों की समीक्षा के बाद जिला शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. जिले के आठ विद्यालयों में 10 प्रतिशत से अधिक छात्र अनुत्तीर्ण पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों, प्रभारी प्रधानाध्यापकों और प्रधानाध्यापकों का अप्रैल माह का वेतन स्थगित कर दिया गया है.
मंगलवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने इस संबंध में सख्त आदेश जारी करते हुए कहा कि विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में शिक्षक पदस्थापित रहने के बावजूद परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है. ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करना जरूरी है.
इन विद्यालयों पर हुई कार्रवाई
उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोराडीह (निरसा), धनबाद प्राण जीवन अकादमी, उत्क्रमित उच्च विद्यालय रघुनाथपुर पूर्वी टुंडी, बीएसएस बालिका उच्च विद्यालय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय हरिहरपुर तोपचांची, एसएसकेबीसी उच्च विद्यालय निरसा, उक्रमित उच्च विद्यालय बेनागड़िया निरसा तथा उच्च विद्यालय भूली नगर पर कार्रवाई की गयी है.
डीइओ ने 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण
डीइओ ने सभी संबंधित शिक्षकों को 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है. यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो आगे वित्तीय और विभागीय कार्रवाई की जाएगी. इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की होगी. जिला शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. विभाग का उद्देश्य स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना और छात्रों के बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करना है.