Jharkhand News, Dhanbad News धनबाद : जीटी रोड पर निरसा के शासनबेड़िया मोड़ से मात्र 100 फीट की दूरी पर बंद लक्खीमाता क्वायरी में भू-धंसान की घटना घटी है. भू-धंसान स्थल से लगातार गैस रिसाव हो रहा है. घटना के बाद इलाके के लोग दहशत में हैं. भू-धंसान और गैस रिसाव की यह घटना रविवार की रात घटी. करीब 10 फीट के दायरे में दो-तीन जगह जमीन 15-20 फीट धंस गयी.
याद रहे कि इसीएल की लक्खीमाता कोलियरी के बंद ओपन कास्ट में साल 2013-14 के दौरान भयानक आग लगी थी. भूमिगत आग के चलते यहां अक्सर भू-धंसान और गैस रिसाव की घटना होती रहती है. एनएच दो तथा पास के माड़मा गांव पर लगातार खतरा मंडरा रहा है. कल रात की घटना के बाद यहां के लोगों में इसीएल के प्रति गहरा आक्रोश है.
जमींदोज की घटना में झुलस गया था एक व्यक्ति :
लोगों का कहना है कि इसीएल प्रबंधन जान-बूझकर क्षेत्र की भूमिगत आग को नहीं रोकना चाहता है और न ही स्थिति की गंभीरता को समझना चाह रहा है. प्रबंधन जल्द इस जगह पर मिट्टी की भराई कर आग रोके, नहीं तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
एक ग्रामीण ने बताया कि कुछ वर्ष पहले इसी जगह भूमिगत आग के कारण एक व्यक्ति जमींदोज हो गया था. वह बुरी तरह जल गया था. काफी मशक्कत के बाद उसे निकाला गया था. उसी क्षेत्र में एक भैंस भी मर गयी थी. एक बार फिर यहां गोफ बनने के साथ गैस रिसाव होने से ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है.
Posted By : Sameer Oraon
