वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य के विभिन्न जेलों के आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 8 करोड़ 41 लाख 85 हजार 766 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है. इसमें 6 करोड़ 47 लाख 50 हजार 550 रुपये जीर्णोद्धार और 1 करोड़ 94 लाख 35 हजार 216 रुपये निर्माण कार्यों पर खर्च होंगे. योजनाओं के तहत जेलों की सुरक्षा के साथ बिजली, पानी, सड़क, नाली, अस्पताल, बैरक और अन्य आधारभूत सुविधाओं को बेहतर किया जायेगा.
धनबाद जेल में सड़क और चहारदीवारी पर 61 लाख से अधिक
धनबाद मंडल कारा में तीन प्रमुख निर्माण कार्यों के लिए कुल 61 लाख 28 हजार 900 रुपये स्वीकृत किये गये हैं. ए और बी ब्लॉक के पीछे से सेल तक पीसीसी सड़क और आरसीसी नाली निर्माण पर 7 लाख 79 हजार 500 रुपये खर्च होंगे. ब्लॉक सी और डी की चहारदीवारी के लिए 24 लाख 63 हजार 600 रुपये तथा ब्लॉक ए और बी की चहारदीवारी और ए-बी, सी-डी व ई बैरक के मुख्य प्रवेश द्वारों के निर्माण पर 28 लाख 85 हजार 800 रुपये खर्च किये जायेंगे.
हजारीबाग में बिजली और सुरक्षा पर बड़ा खर्च
लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा, हजारीबाग में बिजली, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम होगा. विभिन्न कारखानों के विस्तारित हिस्से के केबल और पैनल बदलने पर 10 लाख 27 हजार 801 रुपये, नौ हाइमास्ट लाइट की मरम्मत व बदलाव पर 33 लाख 81 हजार 269 रुपये तथा बाहरी परिसर की सुरक्षा और रोशनी पर 36 लाख 2 हजार 535 रुपये खर्च होंगे.
आंतरिक परिसर, विभिन्न भवनों की छत और प्रहरी मीनारों की रोशनी बदलने के लिए 36 लाख 1 हजार 883 रुपये स्वीकृत हैं. सेंटर टावर, अस्पताल, विभिन्न वार्ड, कारखाना, मोटर रूम और उप-पैनल के केबल व पैनल बदलने पर 90 लाख 65 हजार 970 रुपये खर्च होंगे. इसके अलावा प्रहरी मीनार संख्या 1 से 12 के जीर्णोद्धार के लिए अलग-अलग राशि स्वीकृत की गयी है.
पलामू, कोडरमा और देवघर में भी होंगे काम
केंद्रीय कारा डाल्टनगंज में ए-टाइप वार्ड एक से चार के जीर्णोद्धार पर 17 लाख 8 हजार 400 रुपये, सी-टाइप वार्ड एक से चार पर 14 लाख 40 हजार 700 रुपये और चिकित्सक व लिपिक आवास के जीर्णोद्धार पर 21 लाख 81 हजार 600 रुपये खर्च होंगे.
कोडरमा जेल की बाहरी चहारदीवारी को ऊंचा करने और कॉन्सर्टिना कुंडली लगाने के लिए 68 लाख 22 हजार 600 रुपये स्वीकृत हैं. देवघर मंडल कारा में तीन पुलिस बैरक की मरम्मत पर 19 लाख 83 हजार 300 रुपये और परिधि दीवार व चार प्रहरी मीनारों की मरम्मत पर 5 लाख 66 हजार 700 रुपये खर्च होंगे.
मधुपुर में जलापूर्ति और स्वच्छता पर जोर
मधुपुर उपकारा में जलापूर्ति योजना के नवीकरण के लिए 40 लाख 58 हजार 590 रुपये स्वीकृत किये गये हैं. 18 हजार गैलन क्षमता वाले जलाशय और चहारदीवारी की मरम्मत, शौचालय-स्नानघर, केंद्रीय प्रहरी मीनार और चार सौर आधारित लघु जलापूर्ति योजनाओं समेत कई कार्य कराये जायेंगे. अस्पताल की चहारदीवारी, मुख्य द्वार, पोर्टिको और वर्षा जल संचयन प्रणाली के लिए भी राशि स्वीकृत की गयी है.
रामगढ़, बोकारो और तेनुघाट में भी आधारभूत सुविधाएं सुधरेंगी
रामगढ़ उपकारा में प्रहरी मीनारों के जीर्णोद्धार, वीडियो कांफ्रेंस कक्ष, पुस्तकालय, अस्पताल, प्रशासनिक भवन की विद्युत व्यवस्था तथा सेंटर टावर और हाइमास्ट लाइट से जुड़े कार्य होंगे. तेनुघाट उपकारा में आंतरिक परिधि दीवार और चिकित्सक आवास के लिए 10 लाख 34 हजार 200 रुपये तथा चास जेल में आरसीसी नाली निर्माण के लिए 12 लाख 21 हजार 600 रुपये स्वीकृत किये गये हैं.
हजारीबाग केंद्रीय कारा में तीन गहरे नलकूप और पंप के लिए 9 लाख 85 हजार 709 रुपये तथा कारा प्रशिक्षण संस्थान परिसर में प्रधान आवास से मुख्य द्वार तक पीसीसी सड़क के लिए 24 लाख 87 हजार रुपये स्वीकृत किये गये हैं.
खुली निविदा से होगा काम
सभी योजनाओं का क्रियान्वयन संबंधित भवन प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल और विद्युत कार्य प्रमंडल द्वारा खुली निविदा के माध्यम से कराया जायेगा. संबंधित कारा अधीक्षक डीडीओ होंगे, जबकि कारा महानिरीक्षक और संबंधित निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी नियंत्री पदाधिकारी होंगे. कारा निरीक्षणालय योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित निगरानी करेगा.
इन कार्यों से जेलों में सुरक्षा, बिजली, पानी, स्वच्छता, सड़क, अस्पताल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है.
