Dhanbad Crime News, धनबाद (नीरज अबष्ट की रिपोर्ट): धनबाद में एक चालक पर नशे की हालत में पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला सामने आया है. दरअसल थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएमआरआई (CMRI) गेट के पास गुरुवार की रात ट्रैफिक पुलिस की टीम ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ और एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान सिटी सेंटर की ओर से आ रही एक टाटा पंच कार (संख्या JH10DH6065) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. आरोप है कि चालक ने कार रोकने के बजाय उसकी गति बढ़ाकर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे चारों ओर से घेरकर रोक लिया.
ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में शराब की पुष्टि
यातायात विभाग में पदस्थापित परिचारी प्रवर राकेश कुमार दुबे द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, कार चालक विपुल कुमार सिंह की जब ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, तो उसमें अल्कोहल की मात्रा निर्धारित सीमा से काफी अधिक पाई गई. जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो चालक अपना आपा खो बैठा और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगा. उसने ऑन-ड्यूटी जवानों को ‘वर्दी उतरवाने’ तक की धमकी दे डाली.
Also Read: वासेपुर में गैंगस्टर प्रिंस खान के घर कुर्की-जप्ती, पुलिस ने चलाया बड़ा अभियान
थाने में भी मचाया उत्पात, सरकारी दस्तावेज फाड़े
घटना तब और उग्र हो गई जब चालक के बुलावे पर उसके दो अन्य साथी मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी. आरोपियों ने ट्रैफिक कर्मी राकेश कुमार दुबे पर हमला कर उनकी वर्दी फाड़ दी, जिससे उन्हें चोटें भी आईं. मामला यहीं नहीं थमा, यातायात थाना लाए जाने पर भी आरोपियों ने गुंडागर्दी जारी रखी. उन्होंने पुलिस द्वारा तैयार की गई जब्ती सूची (Seizure List) फाड़ दी और जबरन अपना वाहन छुड़ाने का प्रयास किया.
पुलिस की सख्त कार्रवाई, दो आरोपी जेल रवाना
पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मी पर हमला करने और दस्तावेजों को नष्ट करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विपुल कुमार और अनिमेष कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है.
Also Read: हजारीबाग के सरकारी गर्ल्स स्कूल में फीस के नाम पर अतिरिक्त वसूली, अभिभावक नाराज
