Dhanbad Crime News, धनबाद (शंकर साव की रिपोर्ट): धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र अंतर्गत माटीगढ़ा डैम कॉलोनी-दामोदा मुख्य मार्ग पर गुरुवार तड़के पुलिस, प्रबंधन और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने कोयला तस्करी के बड़े नेटवर्क पर प्रहार किया. दरअसल ब्लॉक-दो प्रबंधन को गुप्त सूचना मिली थी कि खदानों के पास संचालित अवैध माइंस से भारी मात्रा में कोयला लोड कर गाड़ियां तस्करी के लिए ले जाई जा रही हैं. सूचना मिलते ही एक विशेष टीम गठित की गई और गुरुवार की अहले सुबह नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू की गई.
40 टन कोयला बरामद, हाइड्रा से खींचकर लाया गया ट्रक
कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध कोयला लदा एक ट्रक और एक मिनी हाइवा जब्त किया. इन वाहनों से लगभग 40 टन अवैध कोयला बरामद किया गया है. जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मिनी हाइवा के चालक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. जानकारी में यह भी सूचना मिली कि तस्करी में शामिल एक ट्रक भागने की कोशिश में सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया था, जिसे बाद में प्रबंधन ने ‘हाइड्रा’ मशीन की मदद से खींचकर थाना पहुंचाया.
Also Read: बकाया मानदेय को लेकर आउटसोर्सिंग कर्मियों का प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
जवानों की भूमिका पर उठे सवाल
अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान कुल छह गाड़ियां तस्करी में शामिल पाई गई थीं. दो गाड़ियों को तो पकड़ लिया गया, लेकिन चार गाड़ियां जवानों को चकमा देकर भागने में सफल रहीं. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि जवानों ने भाग रही गाड़ियों का पीछा करने के बजाय उन्हें निकलने का मौका दिया, जिससे सुरक्षाबलों की भूमिका पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं.
मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटी पुलिस
सीआईएसएफ ने जब्त वाहनों को बाघमारा पुलिस को सौंप दिया है. ब्लॉक-दो सिक्योरिटी नोडल इंचार्ज राजीव रंजन की लिखित शिकायत पर पुलिस ने गाड़ियों के चालकों, मालिकों और अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब इस अवैध कारोबार के पीछे सक्रिय मुख्य सरगनाओं और सिंडिकेट की पहचान करने में जुटी है.
Also Read: झामुमो ने केंद्र सरकार के गलत नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ खोला मोर्चा, जमशेदपुर में प्रदर्शन
