Dhanbad news: प्रयागराज में लगे महाकुंभ मेला में जाने को लेकर धनबाद रेलवे स्टेशन पर दिन प्रतिदिन यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है. रोज दो-तीन कुंभ स्पेशन ट्रेन चलायी जा रही है, लेकिन यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में रेल प्रशासन व सुरक्षा कर्मियों के पसीने छूट रहे हैं. शुक्रवार को भी प्रयागराज जाने वाली ट्रेन में भारी भीड़ देखी गयी. ट्रेन यात्रियों से भरी होने के बाद भी प्लेटफॉर्म पर जमा लोग ट्रेन पर किसी भी तरह से सवार होने को उतारू थे. कई लोग जान-जोखिम में डाल कर दूसरी तरफ से ट्रैक पार कर ट्रेन में सवार हो रहे थे. कुंभ जाने का उत्साह ऐसा था कि किसी यात्री का टिकट वेटिंग में है तो कोई साधारण टिकट लेने के लिए लंबे कतार में लगे है, लेकिन कई यात्री ऐसे भी मिले, जो टिकट नहीं ले पाये, लेकिन कुंभ जाने के लिए स्टेशन पहुंच चुके थे.
प्लेटफॉर्म पर पैर रखने की नहीं थी जगह :
धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर कुंभ स्पेशल ट्रेन आने की घोषणा की गयी. फिर क्या था, हजारों यात्री अपने-अपने सामान लेकर कुंभ स्पेशल में सवार होने प्लेटफॉर्म पर पहुंच गये. देखते-देखते जन सैलाब उमड़ पड़ा, प्लेटफॉर्म पर लोगों को पैर रखने की जगह नहीं थी. लोग प्लेटफॉर्म के आगे खड़े रहने के लिए आपाधापी करते दिखे.सीट के लिए लगी होड़ :
प्लेटफॉर्म संख्या चार पर कुंभ स्पेशल ट्रेन आयी. ट्रेन के आते ही कुछ यात्री दौड़ लगाते दरवाजा पर लटक गये और आगे तक जाकर बोगी के अंदर प्रवेश करने लगे. इतने में ट्रेन धीरे धीरे कर प्लेटफॉर्म पर लगी और लोग सीट लूटने के लिए अंदर जाने लगे. देखते-देखते पूरी बोगी फुल हो गयी. जिन यात्रियों को सीट नहीं मिली, वह सभी किसी तरह से बोगी के अंदर गये. सैकड़ों लोग फर्श पर चादर बिछा कर बैठ गये. कई लोग बाथरूम के बाहर फर्श पर बैठे थे.सुरक्षा कर्मियों के छूटे पसीने :
कुंभ स्पेशल में सवार होने के लिए प्लेटफॉर्म पर जमा भीड़ देख कर वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों के पसीने छूट रहे थे. वह सभी लोगों को शांति से ट्रेन में चढ़ने की सलाह दे रहे थे और लोगों को समझा रहे थे. उसके बाद भी सैकड़ों लोग खिड़की के रास्ते अंदर जा रहे थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
