धनबाद सिंदरी के टासरा बस्ती में शनिवार को घर के बरामदे में खेल रहे दो मासूमों को सांप ने डस लिया. दोनों बच्चे रिश्ते में चचेरे भाई-बहन हैं. परिजनों ने सांप को मारकर डिब्बे में बंद किया व दोनों बच्चों के साथ उसे लेकर एसएनएमएमसीएच पहुंचे. दोनों बच्चों को अस्पताल के पेडियाट्रिक विभाग में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है. जानकारी के अनुसार रोहित सिंह का 10 माह का पुत्र पीयूष कुमार व उनके भाई संदीप सिंह की 14 माह की बेटी रिषू कुमारी खेल रहे थे.
सांप को देखकर खेलने लगे दोनों बच्चे
परिजनों के अनुसार दोनों बच्चों की नजर सांप पर पड़ी. कम उम्र होने के कारण बच्चे सांप को देखकर डरने के बजाय उसके साथ खेलने लगे. इसी दौरान सांप ने दोनों बच्चों को डस लिया. कुछ देर बाद परिजनों की नजर सांप पर पड़ी. बच्चों के पास सांप को देखकर घर में अफरा-तफरी मच गयी. परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गये.
डंडे से सांप को मारने के बाद डिब्बे में किया बंद
परिजनों ने डंडे की मदद से सांप को मार दिया. इसके बाद उन्होंने सांप को एक डिब्बे में बंद किया, ताकि अस्पताल में चिकित्सकों को सांप की पहचान कराने में मदद मिल सके. इसके बाद दोनों बच्चों को लेकर परिजन तत्काल एसएनएमएमसीएच पहुंचे. दोनों बच्चों की चिकित्सकों ने जांच की और सर्पदंश के बाद आवश्यक उपचार शुरू किया गया. बच्चों की उम्र कम होने के कारण उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है.
