झारखंड सरकार के मंत्री एवं कांग्रेस नेता सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अगले आदेश तक स्थगित कर दिये हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर संगठन एवं प्रशिक्षण महासचिव सुनीत शर्मा ने रविवार को इस संबंध में अति आवश्यक सूचना जारी की.
सात सितंबर से होने वाले कार्यक्रम भी स्थगित
प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी सूचना के अनुसार सात सितंबर को चंदा चोरी एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम के विरोध में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है. इसके अलावा आठ सितंबर को होने वाली प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक तथा नौ से 18 सितंबर तक प्रस्तावित सभी प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम भी अगले आदेश तक स्थगित रहेंगे.
कांग्रेस ने जताया शोक
प्रदेश कांग्रेस ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को पार्टी और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया है. पार्टी की ओर से दिवंगत नेता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गयी है.
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि सुदिव्य सोनू के निधन से पूरा कांग्रेस परिवार शोकाकुल है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल मिलने की कामना की.
