धनबाद. कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने प्रबंधन प्रशिक्षु (मैनेजमेंट ट्रेनी) भर्ती-2026 के लिए आवेदन करने वाले ‘परीक्षार्थी’ श्रेणी के अभ्यर्थियों को शैक्षणिक दस्तावेज अपलोड करने संबंधी महत्वपूर्ण सूचना जारी की है. कंपनी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रमाणपत्र अपलोड नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी प्रभावित हो सकती है.
कोल इंडिया की ओर से जारी सूचना के अनुसार दस्तावेज अपलोड करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल 24 सितंबर की सुबह 10 बजे से 8 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक खुला रहेगा. इस अवधि के दौरान अभ्यर्थी अपने व्यक्तिगत लॉगिन पोर्टल के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे. निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार के दस्तावेज स्वीकार नहीं किये जायेंगे.
ये भी पढ़ें: 10 साल में बदला CCL का खाका: 50 से 87.5 मिलियन टन पहुंचा कोयला उत्पादन, जानिए क्या रहे मुख्य कारक
अंतिम अंकपत्र या उत्तीर्णता प्रमाणपत्र करना होगा अपलोड
कंपनी ने कहा है कि ‘परीक्षार्थी’ श्रेणी के वे अभ्यर्थी, जिन्होंने आवेदन के समय अपनी अंतिम परीक्षा का परिणाम लंबित होने के आधार पर आवेदन किया था, उन्हें अब शैक्षणिक योग्यता पूर्ण होने का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा. इसके लिए अंतिम अंकपत्र, परीक्षा उत्तीर्ण परिणाम या संबंधित संस्थान द्वारा जारी अस्थायी प्रमाणपत्र अपलोड किया जा सकता है.
कोल इंडिया ने अभ्यर्थियों को यह भी सलाह दी है कि अपलोड किये जाने वाले दस्तावेज स्पष्ट, पठनीय और पूर्ण होने चाहिए. दस्तावेजों में किसी प्रकार की त्रुटि, अस्पष्टता या अपूर्ण जानकारी होने पर आवेदन की जांच के दौरान समस्या उत्पन्न हो सकती है.
सीजीपीए रूपांतरण प्रमाणपत्र भी जरूरी
कंपनी के अनुसार जिन अभ्यर्थियों की अंकतालिका या ग्रेड शीट में सीजीपीए को प्रतिशत में परिवर्तित करने का सूत्र अंकित नहीं है, उन्हें संबंधित विश्वविद्यालय, संस्थान या सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी रूपांतरण प्रमाणपत्र भी अपलोड करना होगा. इससे शैक्षणिक अंकों का सत्यापन और मूल्यांकन प्रक्रिया सुगम हो सकेगी.
समय सीमा का विशेष ध्यान रखें
कोल इंडिया ने अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की अपील की है. कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अधूरे, अस्पष्ट अथवा समय सीमा के बाद जमा किये गये दस्तावेज स्वीकार नहीं किये जायेंगे. ऐसे मामलों में संबंधित अभ्यर्थी की उम्मीदवारी नियमों के अनुसार निरस्त की जा सकती है. इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किये बिना समय रहते दस्तावेज अपलोड करने की सलाह दी गयी है.
ये भी पढ़ें: Coal India CSR Budget: कोल इंडिया का सीएसआर बजट 1,000 करोड़ के पार, 12 साल के आंकड़ों ने चौंकाया
