धनबाद. मधुबन थाना क्षेत्र के फुलारीटांड स्थित बेनीडीह क्वार्टर में पिछले तीन माह से एक सांड ने आतंक मचा रखा है. शुक्रवार की शाम सांड के हमले में 80 वर्षीय चांदो भुइयां की मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में दहशत है. स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम में चांदो भुइयां अपने घर के बाहर बैठे थे.
इसी दौरान काले रंग के सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया. सांड ने उन्हें पटक कर बुरी तरह जख्मी कर दिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें कतरास के एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. शनिवार को परिजनों ने दामोदर नदी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया.
दो माह पहले रिटायर्ड कर्मी पर किया था हमला
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो माह पूर्व इसी सांड ने सेवानिवृत्त कर्मी सियाराम सोनार पर हमला कर दिया था. हमले में गंभीर रूप से घायल सियाराम सोनार की बाद में मौत हो गयी थी. वहीं करीब तीन माह पूर्व 50 वर्षीय चंदू उरांव पर भी इसी सांड ने हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया था.
ये भी पढ़ें: रंजय सिंह हत्याकांड में अब 19 सितंबर को आएगा कोर्ट का फैसला, संजीव सिंह के करीबी माने जाते थे
चंदू उरांव का इलाज पिछले तीन माह से जारी है. इसके अलावा केलू यादव का हाथ सांड ने तोड़ दिया था. लोगों का कहना है कि सांड अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों व राहगीरों पर हमला कर चुका है. सांड के आतंक के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.
बच्चों व बुजुर्गों को घर से निकलना हुआ मुश्किल
बेनीडीह क्वार्टर में सांड के लगातार हमला से इलाके में भय का माहौल है. लोग बच्चों और बुजुर्गों को अकेले घर से बाहर भेजने से डर रहे हैं. इससे राहगीरों में भी दहशत बना हुआ है.
सांड के लगातार हमले से ग्रामीणों में आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सांड को पकड़ कर अन्यत्र भेजने की मांग की है.
