बीआइटी सिंदरी में डीसी का छात्रों को सफलता मंत्र, बोले- लक्ष्य तय करें, अनुशासन से आगे बढ़ें

बीआइटी सिंदरी में प्रथम वर्ष के बीटेक विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित हुआ. उपायुक्त आदित्य रंजन ने छात्रों को प्रशासनिक सेवाओं, नेतृत्व और समाज के प्रति जिम्मेदारियों पर अहम सुझाव दिए. इस्कॉन के सुंदर गोविंद दास ने सकारात्मक सोच और आत्म-अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला.

धनबाद. बीआईटी सिंदरी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष के बीटेक विद्यार्थियों के लिए आयोजित इंडक्शन कम ओरिएंटेशन प्रोग्राम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने विद्यार्थियों से संवाद किया. कार्यक्रम के प्रथम सत्र में उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर विद्यार्थियों के साथ विचार साझा किये. उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया.

सिविल सेवा में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को किया मार्गदर्शन

उपायुक्त ने सिविल सेवा में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर अध्ययन, धैर्य, अनुशासन और दृढ़ संकल्प सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को चुनौतियों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेने की कोशिश करनी चाहिए. साथ ही ज्ञान के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी लगातार ध्यान देना जरूरी है.

उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने और पढ़ाई के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं, नेतृत्व, आध्यात्मिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराना था.

सकारात्मक सोच और आत्म-अनुशासन पर जोर

दोपहर के सत्र में इस्कॉन की ओर से एचजी सुंदर गोविंद दास ने विद्यार्थियों को संबोधित किया. उन्होंने जीवन में सकारात्मक सोच, आत्म-अनुशासन, आध्यात्मिक दृष्टिकोण और मानवीय मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा और व्यक्तिगत विकास के साथ जीवन में संतुलन, सदाचार और सेवा-भाव को अपनाने का आह्वान किया.

उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा का उद्देश्य केवल करियर निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन और मानवीय मूल्यों का विकास भी होना चाहिए.

विद्यार्थियों ने वक्ताओं से किया संवाद

दोनों सत्रों के दौरान विद्यार्थियों ने वक्ताओं से संवाद किया और विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे. वक्ताओं ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए उन्हें उपयोगी जानकारी दी. कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ करियर, नेतृत्व और व्यक्तिगत विकास के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिला.

कार्यक्रम में बीआईटी सिंदरी के निदेशक प्रो. पंकज राय, प्रो. (डॉ.) आरके वर्मा, इंडक्शन प्रोग्राम के चेयरमैन डॉ. राहुल कुमार, कन्वेनर प्रो. संजय पाल, प्रो. प्रफुल्ल शर्मा, एचओडी सिविल इंजीनियरिंग, प्रो. रघुनंदन कुमार, प्रो. विजय कुमार बेसरा, डॉ. सोमनाथ साहा, प्रो. जितेंद्र कुमार, डॉ. उस्निस बनर्जी, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. कोमल कुमारी, डॉ. शबनम स्वाती मिज, प्रो. प्रशांत रंजन मालवीय, डॉ. निरुपमा समेत अन्य फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shobhit ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >