शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में एमबीबीएस की सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 150 करने को लेकर बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) की टीम ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया. टीम ने उपलब्ध शैक्षणिक व चिकित्सीय संसाधनों का जायजा लिया. इस दौरान बीबीएमकेयू की टीम में शामिल परीक्षा नियंत्रक डॉ धनंजय कुमार सिंह व अन्य ने अस्पताल परिसर से लेकर मेडिकल कॉलेज के विभिन्न क्लास रूम, अत्याधुनिक लैब, लाइब्रेरी, लेक्चर हॉल व अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लिया. यह भी देखा कि छात्रों की संख्या बढ़ने की स्थिति में कॉलेज में पढ़ाई, बुनियादी ढांचा, फैकल्टी, प्रैक्टिकल और क्लिनिकल ट्रेनिंग आदि को लेकर व्यवस्थाएं कितनी सक्षम हैं. इससे पूर्व मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ राम कृष्ण महतो व अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने बीबीएमकेयू की टीम का स्वागत किया. कॉलेज प्रबंधन की ओर से टीम को संस्थान की उपलब्धियों, वर्तमान संसाधनों और भविष्य की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गयी. बताया कि पिछले कुछ वर्षों में कॉलेज में इंफ्रास्ट्रक्चर, उपकरणों और शैक्षणिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है.
विवि से एनओसी मिलने के बाद एनएमसी को होगा आवेदन
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि विश्वविद्यालय से 150 सीटों के लिए एनओसी मिलने के बाद नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) को औपचारिक आवेदन किया जायेगा. इसके बाद एनएमसी की टीम एसएनएमएमसीएच का निरीक्षण कर फैकल्टी की उपलब्धता, अस्पताल में मरीजों की संख्या, ओपीडी-आइपीडी, उपकरण, हॉस्टल और अन्य जरूरी मानकों की जांच करेगी. यदि एनएमसी की रिपोर्ट अनुकूल रही तो आने वाले शैक्षणिक सत्र में एसएनएमएमसीएच में एमबीबीएस की सीटें 100 से बढ़ाकर 150 की जायेंगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
