– मारपीट में घायल बरटांड़ के युवक की इलाज के दौरान मौत, हंगामा

26 मार्च को पत्नी को ससुराल पहुंचाने जा रहे युवक के साथ बलियापुर रोड में हुई थी मारपीट

धनबाद,

26 मार्च को बलियापुर रोड में हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल बरटांड़ के मोचीकुल्ही निवासी चंदन कुमार दास (23) की रविवार की रात एशियन द्वारिका दास जालान अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. चंदन की मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों व मोचीकुल्ही के लोगों ने हंगामा किया. सूचना पर पहुंची धनबाद पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया. चंदन की ससुराल बलियापुर के परसबनिया में है. 26 मार्च को वह पत्नी व बच्चों के साथ परसबनिया जा रहे थे. तभी बलियापुर के ओरभीठा गांव के कुछ युवकों ने रास्ते में उन्हें रोककर मारपीट की. इसमें चंदन का पेट फट गया था. उन्हें पहले एसएनएमएमसीएच व बाद में जालान अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस मामले को लेकर रविवार की सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोचीकुल्ही के लोग व बसपा के नेता एशियन द्वारिकादास जालान अस्पताल परिसर में जुटे थे. बलियापुर पुलिस के अधिकारी भी युवक का बयान लेने के लिए अस्पताल पहुंची थी. बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह जोन प्रभारी सुबल दास, धनबाद जिलाध्यक्ष अभय कुमार व लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >