धनबाद. ग्रामीण कार्य विभाग ने जिले के बाघमारा और तोपचांची प्रखंड में दो सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. दोनों सड़कों के निर्माण पर करीब 94.33 लाख रुपये खर्च होंगे. इसके लिए विभाग ने निविदा जारी कर दी है. निविदा का प्रकाशन 28 सितंबर 2026 को होगा. इच्छुक ठेकेदार 21 अक्टूबर 2026 को शाम पांच बजे तक निविदा जमा कर सकेंगे. निविदा 23 अक्टूबर को दोपहर 3.30 बजे खोली जायेगी. संबंधित जानकारी झारखंड सरकार की निविदा वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.
बाघमारा में 51.12 लाख से बनेगी सड़क
बाघमारा प्रखंड में जगदीश होटल से मां काली टाइल्स शॉप तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जायेगा. इसकी अनुमानित लागत 51.123 लाख रुपये है. सड़क का निर्माण पूरा करने के लिए छह माह का समय निर्धारित किया गया है.
तोपचांची में 43.20 लाख होंगे खर्च
तोपचांची प्रखंड में लालूडीह पुल से लालूडीह बस्ती तक सड़क का निर्माण होगा. इस पर 43.206 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. इस सड़क को चार माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. सड़क बनने से लालूडीह बस्ती के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय संपर्क बेहतर होगा.
