बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो का आरोप, सरकार-प्रशासन के इशारे पर हो रहा है अवैध खनन

Dhanbad News: बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने धनबाद में अवैध खनन को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बहियारडीह घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि कोयला चोरी और अवैध खनन के खिलाफ वह और सांसद ढुलू महतो लगातार आवाज उठाते रहे हैं. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

कतरास से कामदेव सिंह की रिपोर्ट

Dhanbad News: बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने धनबाद जिले में जारी अवैध खनन को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कतरास में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि पूरे इलाके में अवैध कोयला खनन सरकार और प्रशासन के संरक्षण में चल रहा है. उन्होंने हाल ही में सोनारडीह के बहियारडीह क्षेत्र में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया.

बहियारडीह की घटना पर जताई चिंता

प्रेस वार्ता के दौरान विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि सोनारडीह के बहियारडीह इलाके में अवैध खनन के दौरान हुई घटना गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन के लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार जिम्मेदार है और पासिंग के माध्यम से अवैध कोयला कारोबार को बढ़ावा दिया जा रहा है.

राजनीतिक लाभ के लिए हो रही बयानबाजी

बाघमारा विधायक ने कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे पर राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनका परिवार पिछले चार कार्यकाल से बाघमारा की जनता का प्रतिनिधित्व कर रहा है और जनकल्याण के कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाई जाती रही है और विधानसभा में भी अवैध खनन के खिलाफ कई बार मामला उठाया गया है.

ढुल्लू महतो के साथ विधानसभा में उठाया मुद्दा

शत्रुघ्न महतो ने कहा कि उन्होंने और उनके भाई धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने विधानसभा और अन्य मंचों पर अवैध खनन के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाई है. उनका कहना था कि क्षेत्र में कोयला चोरी और अवैध खनन को रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण ही इस तरह की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं.

मेयर संजीव सिंह पर भी साधा निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक शत्रुघ्न महतो ने धनबाद के मेयर संजीव सिंह के बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मेयर को पहले झरिया की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि वहां की समस्याएं किसी से छिपी नहीं हैं. विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मेयर को अवैध खनन की इतनी चिंता है, तो उन्हें सरकार के खिलाफ भी खुलकर आवाज उठानी चाहिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोयला चोरी के मुद्दे पर मेयर की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है.

इसे भी पढ़ें: परिमल नाथवानी का पर्चा वैध, कांग्रेसी मंत्रियों के विरोध के बाद दिल्ली में डेरा जमाएंगे विधायक

कई गंभीर आरोप भी लगाए

प्रेस वार्ता के दौरान शत्रुघ्न महतो ने मेयर संजीव सिंह और उनके परिवार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए. हालांकि उन्होंने आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया. राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच धनबाद में अवैध खनन का मुद्दा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है. कोयले की धरती पर राजनीति भी अक्सर उसी तरह धुआं छोड़ती है, जैसे बंद खदानों के भीतर सुलगती आग. आरोप, जवाब और प्रत्यारोप का यह सिलसिला बताता है कि खनन का मुद्दा केवल जमीन के नीचे नहीं, बल्कि राजनीति की सतह पर भी लगातार गर्म बना हुआ है.

इसे भी पढ़ें: घुमाने के बहाने प्रेमी ने प्रेमिका को डैम में दिया धक्का, होली के बाद अब हुई गिरफ्तारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >