अमृता देवी विश्नोई बलिदान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गोविंदपुर क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और प्रकृति व वृक्षों की रक्षा के लिए अमृता देवी विश्नोई के अतुलनीय बलिदान को याद करना था.
अमृता देवी के पर्यावरण प्रेम को किया याद
कार्यक्रम में धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मुरारी तांती, कार्यकारी अध्यक्ष सह प्रभारी सुशील कुमार सिंह और बीसीसीएल महिला कल्याण समिति की सदस्य रेखा कुमारी उपस्थित रहीं. वक्ताओं ने अमृता देवी विश्नोई के जीवन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि प्रकृति और पेड़ों की रक्षा के लिए अमृता देवी का बलिदान आज भी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करता है.
पौधरोपण कर दिया संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष नुनुमनी सिंह ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय संगठन मंत्री पिनाकी मित्रा ने किया. इस दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. लोगों से लगाए गये पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गयी.
