Dhanbad News: सीबीआइ द्वारा घूस लेते रंगेहाथ खुदिया कोलियरी के पीएफ क्लर्क को गिरफ्तार किये जाने के बाद बुधवार को इसीएल मुगमा कार्यालय में सहायकों की बैठक की गयी. उसमें सभी एरिया कार्यालय से लेकर सभी कोलियरियों के पीए, क्लर्क शामिल हुए. बताया जाता है कि बैठक के दौरान जीएम ओपी चौबे ने सभी अधिकारियों व कर्मियों को अपने कार्य में सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया. मजदूरों के साथ अच्छा व्यवहार करने और काम में तेजी लाने की हिदायत दी. उन्होंने काम में लापरवाही बरतने व किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर अविलंब कार्रवाई करने की चेतावनी दी. सूत्रों के अनुसार लगातार सीबीआइ की कार्रवाई से मुगमा एरिया की काफी किरकिरी हो रही है. मुगमा एरिया की चर्चा इसीएल मुख्यालय सांकतोड़िया से लेकर कोल मंत्रालाय तक है. उसे देखते हुए मुगमा एरिया प्रबंधन ने कार्मिक विभाग से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मियों की बैठक बुलायी.
क्या कहते हैं क्षेत्र के यूनियन प्रतिनिधि
सीएमएसआई के क्षेत्रीय संयोजक एवं सीपीएम नेता गणेश धर ने कहा कि संवेदनशील पदों पर बरसों से जमे कर्मियों व अधिकारियों के कारण एरिया की बदनामी हो रही है. इससे बचने की जरूरत है. वहीं बीएमएस नेता मुन्ना सिंह ने कहा कि पिछले एक वर्ष में मुगमा क्षेत्र में तीन-तीन बार सीबीआइ का रेड होना भ्रष्टाचार को दर्शाता है. इसका भुक्तभोगी हमारे यहां के कोयलाकर्मी होते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
