धनबाद : बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर पारा शिक्षक मो. शेख सिद्दीक ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के सामने आत्मदाह का प्रयास किया. उसने अपने शरीर पर जैसे ही केरोसिन डाला, पुलिस ने पकड़ लिया और माचिस छीन ली. मामले को लेकर एक पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि एक पारा टीचर ने कहा था कि वह खुद को आग लगा लेगा, इसलिए उसे हिरासत में ले लिया गया. उसे हिरासत में धनबाद थाना लाया गया, जहां से बाद में बांड भर कर छोड़ दिया गया. आंदोलन पूर्वनिर्धारित था.
वहीं आत्मदाह का प्रयास करने वाले पारा शिक्षक ने कहा कि हमें समय से सुधार किया गया वेतन नहीं दिया जा रहा है. सरकार को इसकी चिंता नहीं है. घर में मरने से अच्छा है डीसी ऑफिस में मर जाऊं…इसलिए मैंने आत्मदाह का प्रयास किया.
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 10 बजे से ही रणधीर वर्मा चौक पर पारा शिक्षकों का जुटान होने लगा था. इसी में गमछा ओढ़ कर हाथ में केरोसिन लिए शेख सिद्दीक भी था. पुलिस को चकमा देकर शेख सिद्दीक करीब 11 बजे उपायुक्त कार्यालय के समीप पहुंच गया. उसके पीछे अन्य पारा शिक्षक भी पहुंच गये. उपायुक्त कार्यालय से कुछ कदम की दूरी पर शेख सिद्दीक ने गमछा हटाया और सिर पर केरोसिन डाला कि पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
