बरवाअड्डा थानांतर्गत जोड़ापीपर निवासी शमिमुल्ला (11) रविवार को सर्पदंश से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, शमिमुल्ला घर के आसपास मौजूद था. इसी दौरान अचानक एक सांप ने उसे डस लिया. उसने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी. इसके बाद बिना देर किये उसे एसएनएमएमसीएच धनबाद ले जाया गया. जहां डॉक्टरों की निगरानी उसका इलाज जारी है.
बारिश के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत
बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्र के झाड़ीदार इलाकों में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं. बारिश के कारण सांप अक्सर सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों और आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास पहुंच जाते हैं. घर के आसपास जमा कचरा, झाड़ियां और घनी घास सांपों के छिपने के लिए अनुकूल स्थान बन जाते हैं. ऐसे में विशेष सावधानी नहीं बरतने से सर्पदंश की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है.
सर्पदंश की स्थिति में घबराने की जगह इलाज पर ध्यान दें
डॉक्टरों के अनुसार, सांप के काटने की स्थिति में घबराने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए. सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के भरोसे समय गंवाना जानलेवा साबित हो सकता है.
समय पर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकीय जांच के बाद आवश्यक उपचार और एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध कराया जा सकता है. विशेषज्ञों ने लोगों से बरसात के दौरान घर और आसपास के इलाके को साफ रखने तथा रात में बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
