प्रतिनिधि, मोहनपुर. चोरी के ट्रैक्टर की बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे एक युवक को मोहनपुर पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवक थाना क्षेत्र के पिरामोह गांव निवासी प्रमोद कुमार उर्फ प्रमोद कुमार यादव (27) है. पुलिस ने उसके पास से लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर और होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की है.
ग्राहक को ट्रैक्टर दिखाने पहुंचा था, पुलिस ने दबोचा
थाना प्रभारी संदीप कृष्णा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को चोरी के ट्रैक्टर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद एसआइ मनिंद्र कुमार को सूचना के सत्यापन के लिए भेजा गया.
चुल्हिया हाई स्कूल के समीप पहाड़ी के पास एक युवक ट्रैक्टर बेचने के लिए ग्राहक को दिखाने पहुंचा था. इसी दौरान पुलिस को देखते ही वह मोटरसाइकिल से भागने लगा. पुलिस ने पीछा किया तो वह बाइक छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया.
कागजात नहीं दिखा सका, पूछताछ में चोरी की बात स्वीकारी
पूछताछ के दौरान युवक ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल से संबंधित कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने करीब एक वर्ष पूर्व सारठ थाना क्षेत्र से ट्रैक्टर चोरी करने की बात स्वीकार की.
पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद उसने ट्रैक्टर को जंगल में छिपाकर रखा था. बाद में फाइनेंसर से खरीदा हुआ बताकर ट्रैक्टर से खेत की जुताई और ट्रेलर भाड़े पर चलाता था.
वहीं, युवक ने होंडा साइन मोटरसाइकिल भी देवघर से चोरी करने की बात स्वीकार की. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. ट्रैक्टर पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं है, जबकि बाइक का नंबर घिसा हुआ पाया गया.
पहले से भी दर्ज हैं चोरी के मामले
एसआइ मनिंद्र कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सरैयाहाट और तालझारी थाने में भी चोरी के मामले दर्ज हैं. पुलिस अब चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
