चितरा: ब्लास्टिंग में उड़े पत्थर, दहशत में ग्रामीण; विरोध के बाद रुका खनन कार्य

एसपी माइंस कोलियरी के तुलसी डाबर पेंच की घटना

चितरा. एसपी माइंस कोलियरी के तुलसी डाबर पेंच में सोमवार को ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर उड़कर आसपास के घरों और क्षेत्रों में गिरने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया. हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और ग्रामीण बाल-बाल बच गये. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए कुछ देर के लिए खनन कार्य ठप कर दिया. सूचना मिलने पर कोलियरी प्रबंधन की ओर से अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी, प्रबंधक राजकुमार, प्रबंधक हरकनाथ, सुरक्षा पदाधिकारी मोहम्मद इम्तियाज तथा सीआइएसएफ जवान मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर मामले को शांत कराया. साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक ब्लास्टिंग कराने का भरोसा दिया. आश्वासन के बाद खनन कार्य दोबारा शुरू कराया गया. ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इसी पेंच में ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर उड़कर घरों तक पहुंच चुके हैं. उस समय भी प्रबंधन के साथ बैठक कर सुरक्षित तरीके से कार्य करने पर सहमति बनी थी. बावजूद इसके दोबारा ऐसी घटना होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गयी है. ग्रामीणों ने प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है. मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

SANJAY KUMAR RANA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >