प्रतिनिधि, मोहनपुर. मोहनपुर प्रखंड के डुमरथर गांव में सोमवार को जन वितरण प्रणाली विक्रेता संघ की बैठक जिला अध्यक्ष अभय चंद्र झा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में केंद्र सरकार की ओर से जन वितरण प्रणाली में लागू की जा रही अनाज एटीएम व्यवस्था का विरोध किया. इस दौरान देवघर जिले के राशन डीलरों ने कहा कि नयी व्यवस्था लागू होने से हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो जायेगा. डीलरों ने बताया कि जिले के करीब 950 जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं ने केंद्रीय खाद्य मंत्री और राज्य सरकार के अधिकारियों को पत्र भेजकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया है. उनका कहना था कि पीडीएस दुकान ही उनकी आय का मुख्य साधन है और अनाज एटीएम व्यवस्था लागू होने के बाद उनका रोजगार प्रभावित हो सकता है. बैठक में डीलरों ने बताया कि पिछले तीन वित्तीय वर्षों के नौ माह का कमीशन अब तक लंबित है. बताया जाता है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 से लेकर 2025-26 तक का भुगतान नहीं होने से कई डीलर आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कमीशन नहीं मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है तथा कई डीलर कर्ज के बोझ तले दब गये हैं. वहीं मोहनपुर सहायक गोदाम प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाये गये. डीलरों ने कहा कि गोदाम से प्रति क्विंटल में दो से तीन किलो तक कम अनाज दिया जाता है और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है. वहीं घटिया चावल मिलने से उपभोक्ता भी नाराज होते हैं. डीलरों ने चेतावनी दी कि यदि बकाया कमीशन भुगतान, सुरक्षा व्यवस्था और अनाज वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गयी, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जायेगा. मौके पर पीडीएस दुकानदार चंद्रप्रकाश मिश्रा, लीलू मंडल, मो. अब्बास, शेखर कुमार चौरसिया, दिनेश दास, जलेश्वर मांझी, नागेंद्र प्रसाद राउत, नरेश यादव, सरोज कुमार सहित अन्य मौजूद थे.
अनाज एटीएम योजना से राशन डीलरों में नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी
जन वितरण प्रणाली विक्रेता संघ की बैठक जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई, जिसमें केंद्र की नयी एटीएम व्यवस्था का विरोध किया.
