सोनारायठाढ़ी. एसबीआइ सोनारायठाढ़ी शाखा में जूनियर एसोसिएट पद पर कार्यरत रौशन कुमार ने सीजीएल परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 6702 प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी इस सफलता पर सोनारायठाढ़ी बाजार के कई लोगों ने शुक्रवार को उन्हें बधाई दी. रौशन कुमार देवघर के करनीबाग मुहल्ला के निवासी हैं. उनके पिता डब्लू मोदी एक छोटा सा किराना दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी माता घर के कामकाज संभालती हैं. साधारण परिवार से आने वाले रौशन की यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक बन गयी है. अपनी सफलता के बारे में रौशन कुमार ने बताया कि आज के युवा अपना कीमती समय फेसबुक और रील बनाने में व्यर्थ कर रहे हैं, जबकि यदि लक्ष्य को सामने रखकर ईमानदारी से मेहनत की जाए तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उन्होंने अपनी तैयारी के बारे में बताया कि उन्होंने यूट्यूब, पुस्तकों और दोस्तों के मार्गदर्शन से परीक्षा की तैयारी की. रौशन कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देवघर पब्लिक स्कूल से मैट्रिक, एसकेपी विद्या विहार देवघर से इंटरमीडिएट और देवघर कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। परीक्षा परिणाम आने के बाद उनके माता-पिता और परिवार के सभी सदस्य काफी खुश हैं.
रौशन ने सीजीएल में हासिल की ऑल इंडिया रैंक 6702
सोनारायठाढ़ी के एसबीआइ शाखा में जूनियर एसोसिएट पद पर हैं कार्यरत
