मधुपुर. कुंडू बंगला स्थित नवनिर्मित श्री पवन पुत्र धाम मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गयी. कलश शोभा यात्रा राम मंदिर ठाकुरबाड़ी परिसर से प्रारंभ हुई, जिसमें 301 महिलाएं और कुंवारी कन्याएं कलश जल यात्रा में शामिल हुईं. श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. शोभा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरते हुए पवन पुत्र धाम मंदिर पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया. इस अवसर पर आचार्य बलदेव पांडेय, आचार्य अशोक पांडेय, वरुण पांडेय, दिनेश पांडेय और संजीत पांडेय की उपस्थिति में मुख्य यजमान अनिल कुशवाहा और उनकी पत्नी आशा कुशवाहा ने पंचांग पूजन, वेदी पूजन तथा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच वीर हनुमान जी की प्रतिमा का जलाधिवास कराया. पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आये. तीन दिवसीय अनुष्ठान के अंतिम दिन गुरुवार को प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की जायेगी. इसके साथ ही भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है. संध्या समय कोलकाता से आए गायकों द्वारा भजन संध्या का कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे धार्मिक माहौल और अधिक आनंदमय हो उठेगा. साथ ही आसपास का क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है. हाइलार्ट्स : मधुपुर में नवनिर्मित श्री पवन पुत्र धाम मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित अनुष्ठान को लेकर भक्ति में लीन नजर आये श्रद्धालु
प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर 301 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
मधुपुर में नवनिर्मित श्री पवन पुत्र धाम मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित
