सारवां. प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों और शिवालयों में बैसाख माह के पहले दिन मंगलवार को धार्मिक आस्था का विशेष आयोजन किया गया. वैदिक पंडितों की देखरेख में ऋचाओं के पाठ के साथ देवाधिदेव महादेव के विग्रह स्वरूप शिवलिंग पर चौबीस प्रहर तक निर्मल एवं शीतल जल टपकने के लिए गलंतिका लगाया गया. इस अवसर पर सारवां स्थित दुःखियानाथ महादेव मंदिर में पंडित हनु झा के द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गलंतिका स्थापित किया गया. वहीं बैजनाथपुर शिवालय में पंडित बालमुकुंद पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया. इसके अलावा बाबा मनकेश्वर नाथ बनवरिया, बाबा देवपहरीनाथ, बाबा भूतनाथ तुतरा पहाड़ी, लाशकरडीह शिवालय और लाखोरिया शिवालय समेत अन्य शिवालयों में भी जलधारा कुंभ स्थापित किया गया. यह जलधारा पूरे बैसाख माह तक निरंतर प्रवाहित रहेगी और माह की समाप्ति के बाद ही इसे हटाया जायेगा. इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है.
सारवां: बैसाख माह के प्रथम दिन शिवालयों में लगा गलंतिका
बैसाख में बाबा पर बूंद-बूंद टपकने वाला चौबीस प्रहर जलधारा शुरू
