देवघर : नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचरण द्वारी रोड में रंगदारी को लेकर दर्ज दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है. हालांकि, पुलिस के किसी भी पदाधिकारी ने फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. सूत्रों के अनुसार, दो संदिग्धों को देवघर और दो को जमशेदपुर से हिरासत में लिया गया है. पुलिस इनसे पूछताछ कर हथियार-गोली की तलाश में जुटी है.
जमशेदपुर से दो संदिग्ध देवघर लाये गये
नगर थाना पुलिस द्वारा जमशेदपुर से हिरासत में लिये गये दोनों संदिग्धों को शनिवार सुबह देवघर लाया गया. इसके बाद उनकी निशानदेही पर शनिवार देर शाम पुलिस हथियार-गोली बरामद करने के लिए इलाके में पहुंची.
इलाके में पैदल ले जाकर की तलाश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस इलाके के दुकानदारों को मारपीट कर डराने-धमकाने और रंगदारी मांगने का आरोप है, उसी इलाके में दोनों संदिग्धों को पुलिस पैदल ले गयी. पुलिस उनकी निशानदेही पर हथियार-गोली की तलाश कर रही थी.
दुकानदारों से रंगदारी मांगने का आरोप
बताया जाता है कि पिछले दिनों नगर थाना क्षेत्र के शिवगंगा इलाके में दुकानदारों से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था. मामले को लेकर कई दुकानदारों ने देवघर एसपी से मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की थी. इसके बाद लक्ष्मी चरण द्वारी रोड के स्थायी दुकानदार सोनू कुमार ने नगर थाना कांड संख्या 363/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी.
प्राथमिकी में चार नामजद आरोपितों पर यूपीआइ के माध्यम से 5103 रुपये जबरन ट्रांसफर कराने, 3500 रुपये नगद लेकर भागने और 50 हजार रुपये रंगदारी नहीं देने पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है.
दूसरे दुकानदार ने भी कराया केस
इसी मुहल्ले के दुकानदार मोहन ठाकुर ने भी रंगदारी को लेकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस मामले में भी उन्हीं चार आरोपितों को नामजद किया गया है.
दोनों मामलों में गौरी आश्रम के सामने के निवासी गौरव झा, गोविंद खवाड़े लेन निवासी निहाल मिश्रा, हरिहरबाड़ी मुहल्ला निवासी राहुल शर्मा और बिलासी टाउन निवासी विक्रम कुमार को नामजद किया गया है.
जमशेदपुर में छापेमारी, दो हिरासत में
सूत्रों के अनुसार, नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रंगदारी मांगने वाले कुछ अपराधी देवघर से भागकर जमशेदपुर में छिपे हुए हैं. सूचना के आधार पर शुक्रवार को नगर थाना पुलिस की एक टीम जमशेदपुर पहुंची और छापेमारी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया. पुलिस टीम शनिवार सुबह दोनों को लेकर देवघर पहुंची. इसके बाद दोनों से पूछताछ की जा रही है. वहीं, दो अन्य संदिग्धों को देवघर से हिरासत में लिये जाने की जानकारी है.
