मोबाइल छीनकर यूपीआइ से 5,103 और नकद 35 हजार लेने का आरोप
देवघर : शहर में रंगदारी मांगने से लेकर व्यवसायियों को हथियार के बल धमकाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. दो दिन पूर्व ही नगर पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. इसके बावजूद व्यवसायियों में भय का माहौल है. मंगलवार को शिवगंगा इलाके में व्यवसाय करने वाले कुछ लोग जान-माल की सुरक्षा की गुहार लेकर एसपी के पास पहुंचे. व्यवसायियों ने एसपी के नाम उनके कार्यालय में आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की. बताया गया कि एसपी ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा देते हुए नगर थाना में शिकायत दर्ज कराने को कहा. इसके बाद सभी नगर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की.
सीसीटीवी फुटेज में मारपीट का दावा
घटना से जुड़े कुछ वीडियो फुटेज क्लिप और सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहे हैं, जिसमें आरोपी पीड़ित दुकानदारों के साथ मारपीट व गाली-गलौज करते दिख रहे हैं. हालांकि उक्त वीडियो फुटेज व क्लिप की प्रमाणिकता की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है.
हर माह 50 हजार रंगदारी मांगने का आरोप
नगर थाना में दिये आवेदन में लक्ष्मी चरण द्वारी रोड निवासी सोनू कुमार और मोहन ठाकुर ने आरोप लगाया है कि गौरी आश्रम रोड निवासी गौरव झा, निहाल मिश्रा, राहुल शर्मा एवं विक्रम कुमार आये दिन उनकी दुकान पर पहुंचते हैं. आरोप है कि दुकान पर पहुंचकर जबरन मोबाइल छीन लिया गया और हथियार लहराते हुए हर माह 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की गयी.
यूपीआइ से 5,103 और नकद 35 हजार लेने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि रंगदारी की मांग का विरोध करने पर उनका मोबाइल छीनकर यूपीआइ से 5,103 रुपये ट्रांसफर करा लिये गये. इसके अलावा 35 हजार रुपये नकद भी जबरन ले लिये गये. आरोप है कि इसके बाद धमकी दी गयी कि हर माह 50 हजार रुपये रंगदारी नहीं दी, तो गोली मार दी जायेगी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
शिकायत मिलने के बाद नगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है. व्यवसायियों द्वारा लगाये गये आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपितों के खिलाफ हाल के दिनों में नगर थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज हुई है. बावजूद इसके तीसरे मामले की जांच के बाद भी केस दर्ज होगा. समाचार लिखे जाने तक नगर थाना पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी थी.
