सड़क जाम से राहगीर परेशान, जाम हटाने के लिए पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

मधुपुर में अतिक्रमण और अधूरे फ्लाईओवर ने बढ़ाई मुश्किलें

मधुपुर. रविवार शाम को सड़क जाम से राहगीर परेशान रहे. करीब एक घंटे तक रुक-रुककर गांधी चौक से सरदार पटेल रोड होते हुए डालमिया कूप तक वाहनों का भारी जाम लगा रहा. काफी देर तक वाहन सड़कों पर रेंगते रहे. सड़क जाम के कारण पूरी यातायात व्यवस्था चरमरा गयी. वहीं, उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क जाम की सूचना पर मधुपुर थाना की पुलिस टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे जाम हटाया गया. बताया जाता है कि गांधी चौक, हटिया रोड व सरदार पटेल रोड में सड़क का अतिक्रमण कर दर्जनों दुकानें लगा दी गयी हैं, जिसके कारण सड़क की चौड़ाई इन जगहों पर घटकर आधे से कम हो गयी है. इसके कारण वाहनों का जाम जब-तब लग जाता है. काफी मशक्कत के बाद भी शहर की व्यस्तम सड़कों को अतिक्रमणमुक्त प्रशासन नहीं करा पाया है. वहीं गांधी चौक से डालमिया कूप तक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का काम भी पिछले सात वर्षों से पूरी तरह ठप पड़ा है. रेलवे भूतल पुल की क्षमता वाहनों की संख्या के अनुरूप नहीं है, जिससे प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है. शहर के प्रबुद्ध लोगों ने कई बार शांति समिति व प्रशासनिक बैठकों में गांधी चौक व आसपास के इलाके को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है. हाइलार्ट्स : मधुपुर में अतिक्रमण और अधूरे फ्लाईओवर ने बढ़ाई मुश्किलें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BALRAM

BALRAM is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >