वर्षों से लंबित था मुआवजा, अब आपदा प्रभावित परिवारों को मिलेगा 1.10 करोड़

वर्षों से लंबित अनुग्रह अनुदान को मिली मंजूरी. 94 आपदा मामलों में 1 करोड़ 10 लाख 44 हजार 500 रुपये भुगतान की स्वीकृति. मानवीय संवेदना से जुड़ा मामला.

सारठ. आपदा प्रभावित परिवारों के आश्रितों के लिए राहत की खबर है. वर्षों से लंबित अनुग्रह अनुदान के भुगतान को अब स्वीकृति मिल गई है. इसके बाद अंचल कार्यालय सारठ की ओर से भुगतान की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार समिति की बैठक में जिले भर के विभिन्न आपदा से जुड़े 94 मामलों में कुल 1 करोड़ 10 लाख 44 हजार 500 रुपये के भुगतान की स्वीकृति दी गयी है.

विधायक ने डीसी को लिखा था पत्र

गौरतलब है कि प्रभात खबर में 5 जून 2026 को “कोई पति तो कोई जवान बेटे की हादसे में हुई मौत के बाद मदद मिलने का वर्षों से कर रहे इंतजार” शीर्षक से खबर प्रकाशित हुआ था. खबर प्रकाशित होने के बाद सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने खबर की कतरन के साथ देवघर डीसी को पत्र भेजा था.

विधायक ने डीसी से कहा था कि आपदा प्रभावित आश्रितों का भुगतान लंबित रहने के मामले में सारठ सीओ से अद्यतन रिपोर्ट प्राप्त कर राज्य सरकार को भेजी जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द अनुग्रह अनुदान का भुगतान हो सके.

डीसी की अध्यक्षता में हुई बैठक, भुगतान को मिली मंजूरी

विधायक के पत्र के बाद डीसी की अध्यक्षता में 29 जून को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार समिति की बैठक हुई. बैठक में जिलेभर के सड़क दुर्घटना के 28, वज्रपात के 12, सर्पदंश के 2, पानी में डूबने से मृत्यु के 13, अतिवृष्टि के 43 और अग्निकांड के 16 प्रस्तावों पर चर्चा हुई. इन मामलों में आश्रितों को कुल 1 करोड़ 10 लाख 44 हजार 500 रुपये भुगतान करने की स्वीकृति दी गई.

सारठ में सड़क हादसे के तीन आश्रितों को मिलेगा एक-एक लाख

सारठ प्रखंड में सड़क दुर्घटना के तीन मामलों में आश्रितों को एक-एक लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा. इनमें शिमला के ईश्वर महरा, गायकेंद्र के जागेश्वर दास और डुमरिया की संध्या देवी शामिल हैं.

वहीं वज्रपात से मौत के मामले में तुंबोजमनी की रिंकू देवी और मझलाडीह के द्वारिका रवानी के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये मिलेंगे. सर्पदंश से मौत के मामले में बसाहाटांड़ के साधु मंडल के आश्रित को चार लाख रुपये का भुगतान होगा.

डूबने से मौत के छह मामलों में मिलेगा चार-चार लाख

पानी में डूबने से मृत्यु के मामलों में सारठ की मुन्नी देवी, आसनसोल के नवीन पांडेय, तुंबो जमनी के उमेश कुमार, बामनगमा की चांदनी देवी, सुगदीबाद की शांति देवी और लकड़ा खोंधा की रुकशाना बीबी के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा.

इसके अलावा सारठ प्रखंड में अतिवृष्टि के आठ और अग्निकांड के दो मामलों में भी स्वीकृत अनुदान का भुगतान किया जाना है.

विधायक बोलें- मानवीय संवेदना से जुड़े हैं मामले

सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कहा कि ऐसे मामले सीधे तौर पर मानवीय संवेदना से जुड़े हैं. प्रभात खबर में प्रकाशित खबर से उन्हें लंबित मामलों की जानकारी मिली. इसके बाद उसी दिन अखबार की कतरन के साथ डीसी को पत्र भेजकर आश्रितों को जल्द भुगतान करने का आग्रह किया.

उन्होंने कहा कि डीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सारठ सहित पूरे जिले के लंबित मामलों की समीक्षा की और भुगतान की स्वीकृति दी. विधायक ने अंचल अधिकारी को भी जल्द से जल्द आश्रितों के खाते में राशि भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मिथिलेश सिन्हा

2001 से प्रभात खबर से जुड़ कर जनहित से जुड़ी पत्रकारिता कर रहे हैं. विकास, लोगों की समस्या, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्राइम से जुड़ी खबरों पर बेहतर कवरेज करते रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >