देवपहरी में अनिल हत्याकांड की जांच तेज, डंप कॉल से खुलेगा राज

देवपहरी गांव से मिली सड़ी-गली लाश के मामले में पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है. डंप कॉल के जरिए पुलिस घटना के समय सक्रिय संदिग्ध मोबाइल नंबरों को चिह्नित करने की कोशिश कर रही है. मृतक की पहचान 'उमा' टैटू से हुई है, लेकिन पु्ष्टि के लिए डीएनए प्रोफाइलिंग कराई जाएगी.

देवघर/सारवां : सारवां थाना क्षेत्र के देवपहरी गांव में पहाड़ी के समीप झाड़ियों से मिली सड़ी-गली लाश के मामले में पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है. शव की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के बांक पंचायत स्थित सरसा गांव निवासी अनिल कुमार सिंह (32) के रूप में सामने आने के बाद अब पुलिस हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश में जुट गयी है. एएसआइ सुमित कुमार के बयान पर सारवां थाना में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या कर शव छुपाने के उद्देश्य से झाड़ी में फेंकने का मामला दर्ज किया गया है. सारवां थाना में कांड संख्या 99/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

डंप कॉल से संदिग्ध मोबाइल नंबरों की होगी पहचान

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला से फॉरेंसिक और तकनीकी शाखा की टीम देवपहरी पहुंची. टीम ने घटनास्थल के आसपास जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया. पुलिस अब घटनास्थल के आसपास सक्रिय रहे मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाने के लिए डंप कॉल का सहारा लेगी. इससे घटना के समय इलाके में मौजूद संदिग्ध मोबाइल नंबरों को चिह्नित करने में पुलिस को मदद मिलने की उम्मीद है. पुलिस इन नंबरों की जांच के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटेगी.

‘उमा’ टैटू से पहचान में मिली मदद

अनिल की पहचान सामने आने के बाद मामले में जांच का दायरा भी बढ़ गया है. पुलिस के अनुसार, मृतक लंबे समय से छह जिलों की पुलिस के लिए वांछित था. शव मिलने के बाद चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान में परेशानी हुई थी. दाएं हाथ पर बने ‘उमा’ टैटू ने पहचान में अहम भूमिका निभायी. ‘उमा’ मृतक की मां का नाम है. इसके अलावा पॉकेट से मिले आधार कार्ड और पेन कार्ड से भी मृतक की पहचान की कड़ी जुड़ी.

डीएनए प्रोफाइलिंग से होगी पहचान की पुष्टि

हालांकि देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने चेहरा पूरी तरह कुचला होने के कारण पहचान को अभी अंतिम रूप से स्पष्ट नहीं माना है. पुष्टि के लिए शव और परिजनों के सैंपल की डीएनए प्रोफाइलिंग करायी जायेगी.

सीने और पीठ पर मिले गोल जख्म

पुलिस पंचनामा में शव के सीने पर एक और पीठ पर तीन छोटे गोल जख्म मिलने का उल्लेख है. इससे गोली मारकर हत्या किये जाने की आशंका जतायी गयी है. मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. पुलिस ने मृतक के पॉकेट से आधार व पेन कार्ड के साथ छह गोली भी बरामद की थी. घटनास्थल के आसपास खोजबीन के बावजूद कोई हथियार नहीं मिला.

पारो को रिमांड पर लेने की तैयारी

इधर, पुलिस पाकुड़ के आमड़ापाड़ा आभूषण दुकान लूट कांड में जेल जा चुके प्रवीण कुमार उर्फ पारो को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है.

दुमका में हुआ शव का पोस्टमार्टम

अनिल के शव का पोस्टमार्टम दुमका फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज में कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार में जुटे हैं. अंतिम संस्कार के बाद परिजन सारवां थाना और एसपी को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग कर सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष कुंदन

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >