चितरा : ई-ऑक्शन के तहत रोडसेल के लिए कोयला ऑफर में वृद्धि, कोयला परिवहन किराया बढ़ाने तथा लोडिंग बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को चितरा कोलियरी के विक्रय विभाग के समीप कोयला व्यवसायियों एवं ट्रक ऑनर एसोसिएशन की बैठक हुई. विभिन्न मांगों पर विचार-विमर्श करने के बाद कोलियरी प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा गया.
कोयला ऑफर 70 हजार मीट्रिक टन करने की मांग
इस संबंध में कोयला व्यवसायी सह ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष पप्पू कुमार भोक्ता ने कहा कि कोल डंप में पर्याप्त मात्रा में कोयला उपलब्ध रहने के बावजूद बिक्री के लिए अपेक्षाकृत कम कोयले का ऑफर दिया जा रहा है. इसका सीधा असर कोयला व्यवसायियों और ट्रक मालिकों के कारोबार पर पड़ रहा है. वहीं, काम नहीं मिलने के कारण कैजुअल मजदूरों को भी निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है.
उन्होंने प्रबंधन से कोयला ऑफर को बढ़ाकर 70 हजार मीट्रिक टन करने की मांग की, जिससे रोडसेल के माध्यम से कोयला ढुलाई का कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सके और अधिक लोगों को रोजगार मिल सके.
परिवहन किराया और लोडिंग खर्च बढ़ाने की मांग
साथ ही कहा कि कोयला ढुलाई के परिवहन किराया में भी वृद्धि की जानी चाहिए. कोयला लोडिंग के खर्च में बढ़ोतरी की दिशा में आवश्यक पहल करने की मांग की गई, ताकि मजदूरों को उनके श्रम के अनुरूप उचित मेहनताना मिल सके.
मौके पर कोयला व्यवसायी एवं ट्रक ऑनर जेपी राय, पंकज भोक्ता, रवि सिंह, दिलीप मंडल, सतीश सिंह, वीरेंद्र चौधरी, प्रकाश यादव, संतलाल रजक, अशोक भोक्ता, काजल अड्डी, जुगनू यादव, मदन सिंह, सुरेश सिंह, एजाज अंसारी आदि मौजूद थे.
