देवघर : बाबा नगरी में शनिवार से भादो मेला शुरू हो गया. इसके साथ ही बाबा बैद्यनाथ मंदिर में स्पर्श पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है. हालांकि सावन मेला की तुलना में पहले दिन भीड़ का दबाव कम रहा. श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से बाबा मंदिर में प्रवेश कराने के लिए क्यू कॉम्प्लेक्स में कतार लगायी गयी तथा रात आठ बजे तक जलाभिषेक जारी रहा. मंदिर प्रबंधन के अनुसार पहले दिन करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने बाबा पर जलाभिषेक किया. वहीं, शीघ्र दर्शनम कूपन के माध्यम से 3926 भक्तों ने पूजा-अर्चना की.
जलाभिषेक के बाद साष्टांग दंडवत कर मांगी मंगलकामना
जलाभिषेक के बाद कई श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में साष्टांग दंडवत कर बाबा से मंगलकामना करते दिखे. कई भक्त मंदिर परिसर में बैठकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आये. मंदिर परिसर में लगातार गूंज रहे हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा. रूट लाइन, क्यू कॉम्प्लेक्स और फुट ओवरब्रिज पर शिवभक्तों की आवाजाही से शिवमय नजारा दिखा. पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने बाजारों में पहुंचकर प्रसाद और पूजन सामग्री की खरीदारी की. देर शाम श्रृंगार दर्शन के लिए भी मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही.
बाबा धाम में कौतूहल बने दो फीट के श्रद्धालु
प्रयागराज से बाबा मंदिर में पहुंचे 22 वर्षीय एक अनोखे श्रद्धालु भक्तों के बीच कौतूहल का केंद्र बने हुए हैं. करीब दो फीट कद वाले युवक की संत की वेशभूषा हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही है. मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालु उन्हें देखकर रुक जाते हैं और बातचीत के साथ तस्वीरें भी लेते दिखे. खास बात यह है कि वह अपनी शारीरिक विशिष्टता को कमजोरी नहीं, बल्कि आजीविका का माध्यम बना रहे हैं. वे शांत भाव से मंदिर परिसर में बैठे रहे. श्रद्धालु अपनी इच्छा से उन्हें दक्षिणा और सहयोग राशि देते दिखे. कठिन परिस्थितियों के बावजूद युवक लाचारी के बजाय अपनी पहचान के सहारे स्वावलंबन की राह पर हैं
