Deoghar news : देवघर एयरपोर्ट से हवाई यात्रा हुई महंगी, इंडिगो ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज

देवघर एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अब सफर महंगा हो गया है. इंडिगो एयरलाइंस ने एविएशन टरबाइन फ्यूल की लगातार बढ़ती कीमतों के फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है.

संवाददाता, देवघर. देवघर एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अब सफर महंगा हो गया है. इंडिगो एयरलाइंस ने एटीएफ (एविएशन टरबाइन फ्यूल) की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण अप्रैल 2026 से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है. इस बढ़ोतरी का सीधा असर टिकट दरों पर पड़ा है, जिससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है. एयरलाइन से प्राप्त जानकारी के अनुसार घरेलू उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज में 275 रुपये से लेकर 950 रुपये तक की वृद्धि की गयी है.

वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यह बढ़ोतरी 900 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक की गयी है. इस फैसले के बाद देवघर एयरपोर्ट से देश के प्रमुख शहरों के लिए यात्रा करना पहले की तुलना में महंगा हो गया है. इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ताजा किराये के अनुसार देवघर से दिल्ली जाने का औसत किराया अब 8600 रुपये से अधिक हो गया है. मुंबई के लिए यात्रियों को 11,000 रुपये से ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं. कोलकाता का किराया 4700 रुपये से ऊपर पहुंच गया है, जबकि बैंगलुरु के लिए यह 10,000 रुपये से अधिक हो चुका है.

हवाई किराये में हुई इस बढ़ोतरी से आम यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है. खासकर वे यात्री जो कामकाज या आपात जरूरतों के लिए नियमित रूप से यात्रा करते हैं, उन्हें अब अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है. यात्रियों का कहना है कि पहले ही महंगाई का असर झेल रहे लोगों के लिए यह फैसला और बोझ बढ़ाने वाला है. विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक ईंधन की कीमतों में स्थिरता नहीं आती, तब तक हवाई किराये में राहत मिलना मुश्किल है.

कहते हैं फ्लाइंग मैनेजर

इंडिगो एयरलाइंस के द्वारा सरचार्ज व किराया में जो भी बढ़ोतरी की गयी है. वो सभी ऑफिशियल वेबसाइट पर उल्लेख है. डोमेस्टिक व इंटरनेशनल उड़ानों में अलग अलग बढ़ोतरी हुई है.

प्रवीण कुमार

फ्लाइंग मैनेजर, इंडिगो

एयरपोर्ट, देवघर

हाइलाइटर

॰अप्रैल 2026 से घरेलू उड़ानों पर 275 से 950 रुपये तक अतिरिक्त शुल्क लागू॰अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 900 से 10,000 रुपये तक बढ़ा सरचार्ज

॰देवघर से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता व बैंगलुरु के किराये में वृद्धि

॰महंगे टिकट से यात्रियों की जेब पर बढ़ा बोझ, यात्रा करना हुआ मुश्किल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIJAY KUMAR

VIJAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >