देवघर: पड़ोसी राज्य बिहार में शराबबंदी है. झारखंड के मुख्यमंत्री भी प्रदेश को नशामुक्त घोषित करें. शराबबंदी के लिए महिलाओं को आगे आना होगा. महिलाएं नशा छुड़वाने के लिए मुहिम छेड़ें. पहले अपने घर को नशामुक्त करें. ये बातें श्रीश्री रविशंकर ने पालोजोरी अंचल कार्यालय के मैदान में किसानों व आम लोगों को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने ग्रामीणों और खास कर महिलाओं से कहा कि आज के दिन संकल्प लेकर जाइये कि नशा छोड़ेंगे और सत्संग के नशे में झूमेंगे. नशाबंदी के लिए सीएम व कृषि मंत्री से उन्होंने आग्रह किया कि अविलंब इसकी घोषणा करें.
खेती नहीं करेंगे, तो खायेंगे क्या? : श्रीश्री ने कहा कि यहां के किसान मेहनती हैं. यहां की मिट्टी उपजाऊ है. फिर भी यहां के किसान गरीब हैं. यदि किसान सुखी नहीं है, तो कोई सुखी नहीं रहेगा. इसका कारण है कि जिस पुरानी पद्धति से खेती हो रही है. रासायनिक खाद का उपयोग अधिक हो रहा है. इससे उत्पादन भी प्रभावित हो रहा है और खर्च भी अधिक हो रहा है. इसी का नतीजा है कि घर चलाना मुश्किल हो जाता है. आज की पीढ़ी खेती से विमुख होकर दूसरे काम में लग जाते हैं. और युवा भटकाव के रास्ते पर चले जाते हैं. लेकिन आर्ट अॉफ लिविंग की ओर से खेती की नयी तकनीक आप लोगों के बीच लायी जा रही है. उन्होंने कहा कि आप सभी रसायन मुक्त खेती करें. गाय पालिये. अपने खेतों के चारों ओर कम से कम 20-20 फलदार पौधे लगायें. इससे भी फायदा होगा. उन्होंने कृषि मंत्री से कहा कि किसानों को खेतों में लगाने के लिए 20-20 फलदार पौधे उपलब्ध करायें. श्रीश्री ने कहा : अॉर्गेनिक खेती की ओर अग्रसर होइये. इससे पैदावार भी अधिक होगी. कम खर्च पर अधिक उत्पादन भी होगा. आज के युवा भी आधुनिक तरीके से खेती कर सकते हैं. क्योंकि किसान ही नहीं रहेगा, तो खेती कैसे होगी और खेती नहीं होगी, तो हम लोग खायेंगे क्या?
आनेवाले समय में झारखंड भी नशामुक्त राज्य बनेगा : कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि गुरुदेव का आदेश हुआ है, तो हर किसान को विभाग की ओर से 20-20 फलदार पौधे देंगे. किसानों के उत्थान के लिए सरकार काम कर रही है. ग्रामीणों के बीच गाय का वितरण कर रहे हैं. दुग्ध उत्पादन के लिए डेयरी उद्योग और मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना कर रहे हैं. और भी जो योजना होगी, इसमें आर्ट अॉफ लिविंग का सहयोग लेते रहेंगे. नशामुक्ति के बारे में कृषि मंत्री ने कहा कि धीरे-धीरे सरकार नशाबंदी के लिए कदम उठा रही है. आनेवाले समय में झारखंड नशामुक्त प्रदेश बनेगा, ऐसा विश्वास दिलाते हैं.
इस अवसर पर नीड्स के मुरारी चौधरी, आर्ट अॉफ लिविंग के उज्ज्वल भाष्कर, कर्मकार जी, एस कुमार, किशोर मुखर्जी, व्यक्ति विकास केंद्र बेंगलुरु के चेयरमैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.
कृषि मंत्री ने दिया आश्वासन
धीरे-धीरे नशाबंदी की ओर झारखंड भी बढ़ रहा है, आनेवाले दिनों में झारखंड नशामुक्त प्रदेश बनेगा
किसानों के विकास के लिए सरकार काम कर रही है, 20-20 फलदार पौधे किसानों को मुहैया करायेंगे
आर्ट अॉफ लिविंग का सहयोग लेते रहेंगे,
किसानों व महिलाओं से कहा : संकल्प लेकर जाइये, नशा छोड़ेंगे, सत्संग के नशे में झूमेंगे
