देवघर: महाशिवरात्रि के अवसर पर डीसी अरवा राजकमल ने शांति व्यवस्था व भीड़ कंट्रोल करने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को कर्तव्य निर्वहन के संदर्भ में ब्रीफिंग की. डीसी ने अधिकारियों से कहा कि महाशिवरात्रि के दिन बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ आने की संभावना है. वहीं शाम को शिव बरात […]
देवघर: महाशिवरात्रि के अवसर पर डीसी अरवा राजकमल ने शांति व्यवस्था व भीड़ कंट्रोल करने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को कर्तव्य निर्वहन के संदर्भ में ब्रीफिंग की. डीसी ने अधिकारियों से कहा कि महाशिवरात्रि के दिन बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ आने की संभावना है.
वहीं शाम को शिव बरात में दो लाख लोगों के शामिल होने की प्रबल संभावना है. इसलिए प्रशासन और पुलिस व्यवस्था दुरुस्त होना चाहिए. सभी दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी अपने कर्तव्य का निर्वहन सेवा भाव से करें. डीसी ने निर्देश दिया कि भीड़ नियंत्रण में श्रद्धालुओं से बेहतर ढंग से पेश आयें. साथ हीं अपने आगे-पीछे के प्रतिनियुक्ति स्थल से समन्वयन स्थापित कर कतार को संचालित करते रहें.
रूट लाइन तय, फुट ओवरब्रिज में दोहरा लाइन नहीं हो : श्रद्धालुओं की कतार को गतिमान रखने की जरूरत है, लेकिन यह ध्यान रखें कि फुट ओवरब्रिज पर दो लाइन नहीं लगे. डीसी ने जानकारी दी कि श्रद्धालु शिवगंगा में स्नानकर धोबिया घाट होते हुए भारती होटल के रास्ते बिजली आॅफिस पहुंचेंगे तथा भीड़ कम रहने पर हदहदिया पुल की तरफ मुड़ जायेंगे या फिर अधिक भीड़ होने पर बीएड काॅलेज के स्पाइरल होते गुजरेंगे. इन्हें तिवारी चौक की तरफ मोड़ा जायेगा तथा और अधिक भीड़ होने पर बरमसिया चौक की ओर परमेश्वर दयाल रोड की ओर बढ़ाया जायेगा तथा दूसरी ओर वे बरमसिया से बीएड काॅलेज तरफ भेजा जायेगा.
मांस-मछली-मुर्गे की बिक्री पर रोक: डीसी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि महाशिवरात्रि के दिन शहर में मांस, मछली या मुर्गे की बिक्री नहीं हो और न ही ये खुले में बेचा जाये. इसे सुनिश्चित करायें. इसके अलावा शहर की साफ-सफाई एवं जलापूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त रखें. उन्होंने कार्यपालक अभियंता, विद्युत वितरण को बिजली की आपूर्ति निर्बाध जारी रखने का निर्देश दिया. खासतौर से शिव बरात के पथ पर पड़ने वाले बिजली पोलों की सुरक्षा सुनिश्चित करें. सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि सभी एंबुलेंस को उपकरणों एवं कर्मियों के साथ तैयार रखें तथा बीएड काॅलेज, मंदिर परिसर एवं पुराना अस्पताल के स्वास्थ्य केन्द्रों को चौबिसों घंटे चालू रखें.
अग्निशमन पदाधिकारी अपने विभाग के दो छोटे और दो बड़े अग्निशामक वाहन तैयार रखें. जिसमें एक छोटा अग्निशामक वाहन को शिव बरात के साथ, एक शिवगंगा के पास व दो बड़े वाहन को बीएड काॅलेज में तैयार रखें. एनडीसी से कहा गया कि वे कतार में खड़े श्रद्धालुओं को पानी का पाउच तथा रूटलाइन में जेनरेटर की पर्याप्त व्यवस्था करें. बैठक में प्रशिक्षु आइएएस आदित्य रंजन, डीडीसी जन्मजेय ठाकुर, डिप्टी इलेक्शन अफसर दिलीप कुमार सिंह, डीआरडीए डायरेक्टर इंदु रानी, एसडीओ सुधीर गुप्ता, डीपीआरओ बिंदेश्वरी झा, सीसीआर डीएसपी रविकांत भूषण आदि मौजूद थे.