तहकीकात. 10 लाख की छिनतई का मामला
देवघर : नगर थाना क्षेत्र में पिछले एक माह से बाइकर्स गैंग द्वारा की जा रही झपटमारी मामले में नगर पुलिस कोई ठोस सुराग नहीं खोज सकी है. हालांकि घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज में कैद क्लिप से पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है. उक्त सीसीटीवी फुटेज से नगर पुलिस ने बाइकर्स गिरोह के घटनाओं में संलिप्त आरोपित की फोटो भी निकाल ली है. उसी आधार पर बहुत जल्द नगर पुलिस की टीम आरोपितों की तलाश में बिहार अंतर्गत कटिहार जिले के कोढ़ा जाने वाली है.
फोटो के आधार पर ही पुलिस आरोपितों की खोजबीन में जुटी है. उक्त फोटो को पुलिस ने 10 लाख रुपये छिनतई मामले के सूचक मधुपुर रेंज के वन पदाधिकारी महादेव रजक को दिखाकर पहचान करायी. इसके अलावे बालानंद आश्रम के कर्मी नरेश यादव को भी दिखाकर पहचान करायी है. इन दोनों ने फोटो को देखकर पहचान की है. उसी आधार पर अब नगर पुलिस आरोपितों तक पहुंचने की तैयारी में है. पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द आरोपी दबोचे जायेंगे. घटना के बाद से नगर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ायी है.
इसके बाद से अब तक कोई दूसरी झपटमारी की घटना नहीं हुई है. जानकारी हो कि चार फरवरी को काले रंग की बाइक पर सवार बदमाशों ने वन विभाग के मधुपुर रेंज के वन पदाधिकारी महादेव रजक से 10 लाख रुपये से भरे बैग की झपटमारी की थी. इसके पूर्व 31 जनवरी को बाइक का डिक्की तोड़ कर बाइक सवार बदमाशों ने 34 हजार रुपये से भरा बैग उड़ाया था.
27 जनवरी की दिनदहाड़े विलियम्स टाउन कृष्णापुरी मुहल्ला निवासी रिटायर डीआइजी विश्वनाथ ओझा से बाइक सवार बदमाशों ने 24 हजार रुपये छीन लिये थे. इनमें से किसी घटनाओं में संलिप्त आरोपितों के बारे में अब तक पुलिस को ठोस सुराग हाथ नहीं लग सके हैं.
सीसीटीवी फुटेज से निकाला गया आरोपित का फोटो
वन विभाग के रेंज ऑफिसर ने उक्त फोटो से की है पहचान
मधुपुर रेंज ऑफिसर से हुई थी 10 लाख की झपटमारी
बालानंद आश्रम के कर्मी नरेश यादव की डिक्की से उड़ाया था 34 हजार
विलियम्स टाउन कृष्ष्णापुरी निवासी रिटायर डीआइजी ओझा के हाथ से झपट लिये थे 24 हजार
सभी कांडों में काली रंग की बाइक पर सवार दो युवकों की आयी है संलिप्तता
