दुमका के डेंगालपाड़ा निवासी पत्रकार के साथ हुई घटना
जसीडीह स्टेशन से दुमका जाने के लिए किराये पर लिया था उक्त कार
देवघर : दुमका अंतर्गत डेंगालपाड़ा मुहल्ला निवासी पत्रकार मोहित कुमार ने नगर थाना में कार चालक समेत अन्य के खिलाफ छिनतई की प्राथमिकी दर्ज करायी है. जिक्र है कि 10 फरवरी की संध्या करीब सात बजे मोहित रांची से आने के क्रम में जसीडीह स्टेशन पर उतरा और दुमका जाने के लिये एक अल्टो कार किराये पर लिया. जाने के क्रम में रास्ते में रुककर उसने किसी होटल में खाना खाया. उसी दौरान जाने से चालक ने इनकार कर दिया. चालक समेत टिंकू शर्मा व एक अन्य ने मिलकर मारपीट करते हुए उससे तीन हजार रुपये की छिनतई कर ली. कार किराये पर दिलाने वाले व अज्ञात आरोपित को देखकर वह बाद में पहचान सकता है.
इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 88/17 भादवि की धारा 341, 323, 379, 34 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस पड़ताल में जुटी है. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर पुलिस ने एक कार को जब्त कर थाना लाया है. नगर पुलिस का कहना है कि उक्त कार का ही उपयोग हुआ है, जिसे छोड़ कर चालक फरार हो गया था.
