करौ : वज्रपात में मरे गणेश वेदकर व नयन वेदकर आपस में रिश्तेतार थे. दोनों तालाब स्नान करने गये थे. नयन की शादी महज 40 दिन पूर्व ही हुई थी. शादी के बाद पूरे परिवार में खुशी व उत्साह का माहौल था. लेकिन, व्रजपात ने पूरे परिवार की खुशियां छीन ली. हंसते खेलते परिवार की खुशियों पर प्राकृतिक आपदा ने ग्रहण लगा दिया.
नयन की पत्नी, मां-पिता समेत पूरे परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है. इधर, घटना की जानकारी मिलने पर प्रदेश के श्रम नियोजन मंत्री राज पलिवार, बीडीओ अमलजी, थाना प्रभारी दुष्यंत सिंह, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष ललन सिंह आदि सैकड़ों लोग मृतक के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी. मंत्री ने तत्काल दोनों की परिजनों को पांच-पांच हजार रुपये की सहायता दी. उन्होंने अविलंब सरकार से प्राकृतिक आपदा के तहत मिलने वाले 4-4 लाख की राशि दिलाने का आश्वासन दिया.
बीडीओ अमलजी ने कहा कि समय पर सरकारी सहायता दिलायी जायेगी. इधर, समाज सेवी गंगा नारायण सिंह मृतक के घर पहुंचे व मृतक के परिजनों को 11-11 हजार रुपये का चेक दिया. मौके पर सजल मिश्रा, रिंकू झा, ओंकार भैया, रुद्र नारायण शाही आदि मौजूद थे.
