देवघर : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने देश के 236 शहरों एफएम रेडियो चैनल खोलने को मंजूरी दी है. इसमें राज्य के देवघर समेत धनबाद, गिरिडीह, बोकारो व हजारीबाग में 16 एफएम रेडियो चैनल खोले जायेंगे. सरकार रेडियो को बढ़ावा देने के लिए सीधे तौर पर एफएम रेडियो चैनल का ऑक्शन करने जा रही है.
ऑक्शन में प्राइवेट सेक्टर को शामिल किया जायेगा. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के निर्देश पर राज्य सरकार के उद्योग विभाग ने एफएम रेडियो चैनल खोलने का टेंडर निकाला है. उद्योग विभाग ने टेंडर के लिए अपना ई-मेल व फोन पर विज्ञापन में जारी किया है. यह विज्ञापन उद्योग निदेशालय के स्तर से जारी हुआ है. प्राइवेट सेक्टर के लोग एफएम रेडियो चैनल खोल कर इस उद्योग से जुड़ सकते हैं.
मंत्रालय के अनुसार रेडियो के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए सरकार ने प्राइवेट सेक्टर को इस ऑक्शन में शामिल करने का निर्णय लिया है, एफएम रेडियो चैनल खुलने से श्रोताओं की संख्या बढ़ेगी तथा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लोगों को रोजगार मिलेगा.
