देवघर : सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण बुधवार को उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने किया. इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधा के बारे में अस्पताल प्रबंधन से जानकारी लिये. साथ ही उन्होंने अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर, आइसीयू, बर्न यूनिट, मेटर्निटी वार्ड, शौचालय, भोजनालय, अस्पताल भवन के निर्माण कार्य को भवन प्रमण्डल के कार्यपालक अभियंता को जल्द पूरा करने निर्देश दिया. कहा श्रावणी मेला में सदर अस्पताल मॉडल अस्पताल के रूप में दिखे. उन्होंने परिसर में ओपी निर्माण के लिए चिह्नित जगह का भी जायजा लिया.
पुराने जर्जर भवन के गिराये जाने वाले स्थान पर पार्किंग व सौंदर्यीकरण का निर्देश सीएस को दिया. पुराने सदर अस्पताल परिसर में चले रहे एमटीसी को नये सदर अस्पताल में हस्तांतरण के लिए जगह देखी. उन्होंने बर्न यूनिट में एसी व पंखों की संख्या बढ़ाने को कहा गया. उन्होंने कहा कि अस्पताल कर्मियों, मरीजों व उनके परिजनों के लिए सदर अस्पताल परिसर में कैंटीन की व्यवस्था की जाये. पोस्टमाटर्म हाउस में डिप फ्रिजर लगाने की प्रक्रिया जल्द पूरा की जा सके. अस्पताल परिसर में खाली पड़े स्थान का सदुपयोग करते हुए लोगों के बैठने के लिए छोटा पार्क का निर्माण करने को कहा. गाड़ियों के पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने की बात कही. इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ कृष्ण कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ विजय कुमार, भवन प्रमण्डल के कार्यपालक अभियंता एवं कनीय अभियंता, अस्पताल मैनेजर चंद्रशेखर महतो, डॉ एनएल पंडित समेत अन्य कर्मी थे.
