आंदोलन. समाहरणालय गेट के पास किया धरना-प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
देवघर : जिला यादव परिवार, देवघर के तत्वावधान में समाहरणालय गेट के सामने विधायक प्रदीप यादव की रिहाई को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया. इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से काफी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया. धरना पर बैठे लोगों को संबोधित करते हुए मणिकांत यादव ने कहा कि गोड्डा में प्रदीप यादव के साथ अन्याय किया गया है. उन्हें झूठे केस में फंसाया गया है, जो अन्यायपूर्ण कार्य है. संगठन के जाने- माने नेता अजय यादव ने कहा कि साजिश के तहत विधायक प्रदीप यादव को जेल में डालकर पिछड़ों की आवाज को दबाने का काम किया गया है. इससे पूरे राज्य में आक्रोश फैलता जा रहा है.
प्रांतीय यादव महासभा के अध्यक्ष कृष्णा सिंह यादव ने कहा कि सरकार के विधि विरुद्ध कार्य के विरोध में जब तक न्याय नहीं मिलता है, आंदोलन जारी रहेगा. इस अवसर पर जिप सदस्य महेंद्र यादव, गुलाब यादव, राजेश यादव, शशि कुमार यादव, गुलाब यादव, चंद्रशेखर यादव, लालू यादव, रमेश कुमार यादव, मुकेश यादव, रमेश यादव आदि ने भी विचार रखे व सूबे के सरकार की आलोचना की. शिष्टमंडल की ओर से राज्यपाल के नाम संबोधित छह सूत्री मांगो का ज्ञापन डीसी को सौंपा गया. इसमें विधायक की बिना शर्त रिहाई व उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने समेत कई मांगें की गयी हैं.
