घटना. बरमसिया के फॉरेस्ट कॉलोनी में बाथरूम से जली अवस्था में मिला विवाहिता का शव
देवघर : बरमसिया मुहल्ला अंतर्गत फॉरेस्ट कॉलोनी से संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहिता को बाथरूम से जली अवस्था में शव निकाला गया. महिला का नाम जयश्री कुमारी उर्फ गुड़िया(26) पति संजय कुमार साह है. संजय वन विभाग में सहायक के पद पर कार्यरत हैं. स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर थाना के एएसआई एसके वाजपेयी […]
देवघर : बरमसिया मुहल्ला अंतर्गत फॉरेस्ट कॉलोनी से संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहिता को बाथरूम से जली अवस्था में शव निकाला गया. महिला का नाम जयश्री कुमारी उर्फ गुड़िया(26) पति संजय कुमार साह है. संजय वन विभाग में सहायक के पद पर कार्यरत हैं. स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर थाना के एएसआई एसके वाजपेयी सदल-बल उक्त स्थल पर पहुंचे.
पुलिस ने मृतका के पति, देवर व पड़ोसियों से घटना के बावत पूछताछ की. पूछताछ के क्रम में लोगों का बयान भी लिया. इसके बाद लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. जहां देर शाम दो सदस्यीय मेडिकल बोर्ड( डॉ दिवाकर पासवान व डॉ एहसान तौहीद) की टीम ने पोस्टमार्टम कर लाश को परिजनों को सौंप दिया.
कैसे हुई घटना
पूछताछ के क्रम में मृतका के पति वन कर्मी संजय कुमार साह ने पुलिस को बताया कि वह बांका जिलांतर्गत बाराहाट थाना क्षेत्र के पथरा के रहने वाले हैं. रोज की तरह बुधवार को भी दिन के 10 बजे वह पत्नी के साथ खाना खाने के बाद बेलाबगान स्थित अपने कार्यालय(वन विभाग) के लिए निकल गये थे. घर में उनकी पत्नी, छोटा भाई अमित अौर दो साल का बेटा घर में मौजूद था. इसी बीच दिन के तकरीबन 11.30 बजे उनके पड़ोसी ने उनके घर के अंदर से कुछ जलने की बू आने की बात कही. आनन-फानन में वे अपने अाॅफिस से घर पहुंचे. घर पहुंच कर देखा तो पत्नी के गले के आसपास का पूरा हिस्सा इमरसन की चपेट में आने से पूरी तरह से जल चुका है.
ससुराल वालों को घटना की जानकारी देते हुए जल्द से जल्द देवघर पहुंचने की बात कही. इस बीच छोटे भाई से मालूम पड़ा कि उनकी पत्नी बाथरूम में बच्चे के कपड़े धोने के लिए इमरसन से पानी गरम कर रही थी. उस बीच उनका भाई किसी काम से उनके बेटे को लेकर घर से बाहर निकला हुआ था. थोड़ी देर में जब वह घर की अोर लौटा तो घर के अंदर से कुछ जलने की बू आने लगी. वो दौड़कर घर के अंदर प्रवेश किया. आवाज देने पर कोई जवाब न आने पर बाथरूम के पास गया अौर शोर मचाते हुए पड़ोसियों को बुलाया. लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर जयश्री को बाहर निकाला. पत्नी के गले के आसपास का हिस्सा बुरी तरह से जल चुका था.
पिता के बयान पर प्राथमिकी
गोड्डा जिला अंतर्गत रामनगर निवासी मृतका के पिता मनोहर प्रसाद वैद्य ने बताया कि तीन साल पहले संजय से अपनी पुत्री गुड़िया का विवाह कराया था. विवाह के कुछ दिनों बाद से ही पुत्री के साथ दामाद के रिश्ते में कड़वाहट आने लगी. दोनों को एक पुत्र भी हुआ. इसी बीच दामाद का किसी दूसरी महिला से संपर्क होने लगा. इस बात को लेकर दामाद उनकी बेटी को प्रताड़ित भी किया करता था. जिससे उनकी पुत्री दुखी रहा करती थी. पुत्री की मौत नहीं हुई. उसे मारा गया है.
उन्होंने कहा कि गरमी के दिन में कोई इमरसन (पानी गरम करने वाला मशीन) से क्यों पानी गरम करेगा. पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले की तह तक छानबीन करने का अनुरोध किया है. पुलिस ने मृतका के पिता के लिखित शिकायत पर कांड संख्या अंकित करते हुए आरोपित पति व उसके छोटे भाई अमित कुमार साह के खिलाफ भादवि की धारा 304(बी) व 34 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.