श्रावणी मेले . एडीआरएम ने किया जसीडीह स्टेशन का निरीक्षण
जसीडीह के पुराने स्टेशन परिसर व न्यू सर्कुलेटिंग एरिया में पंडाल निर्माण कार्य लगभग पूरा
आरपीएफ व जीआरपी के लगभग आठ सौ अतिरिक्त जवान होंगे तैनात
जसीडीह : श्रावणी मेला में ट्रेन से लाखों की संख्या में कांवरिये बाबाधाम पहुंचते हैं. रेल प्रशासन ने इसकी तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दी है. बैद्यानाथधाम व जसीडीह स्टेशन से यात्रा करने वाले तीर्थ यात्रियों की सुविधा को लेकर शनिवार को एडीआरएम राजीव कुमार वर्णवाल ने जसीडीह स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. एडीआरएम ने जसीडीह स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म सहित भोजनालय,
प्रतिक्षालय, शौचालय आदि जगहों का जायजा लिया. इस दौरान भोजनालय में गंदगी देख कर्मी पर नाराजगी प्रकट की. एडीआरएम ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान रेल प्रशासन की ओर से 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेन भी चलाने की योजना है. जसीडीह में यात्रियों की सुविधा को लेकर पुराने स्टेशन परिसर व न्यू सर्कुलेटिंग एरिया में पंडाल निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है. यहां यात्री आराम कर सकेंगे. सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ व जीआरपी के लगभग आठ सौ अतिरिक्त जवानों को तैनात किया जायेगा. वहीं पूरे परिसर में मेला के दौरान 27 सीसीटीवी कैमरे लाये जायेंगे. इसकी निगरानी आरपीएफ व जीआरपी पोस्ट से होगी. वहीं न्यू सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों के लिए पेयजल व दो अतिरिक्त ग्रीन शौचालय भी लगाये जायेंगे, जबकि टिकट के लिए 18 काउंटर के साथ अतिरिक्त 90 कर्मियों को लगाया जायेगा. इस अवसर पर एसीएम राहुल रंजन, स्टेशन प्रबंधक जे पाठक, आरपीएफ इंस्पेक्टर अमिताभ रंजन, सीएस संजय कुमार, सीटीआइ गौतम प्रसाद, डीके गोप, नितेश कुमार समेत कई रेल कर्मी उपस्थित थे.
