बैठक में पर्यटन सचिव राहुल शर्मा ने प्रसाद योजना के अंतर्गत 34.54 करोड़ रूपये की लागत से बने डीपीआर की विस्तृत जानकारी दी, इस योजना के तहत शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ जसीडीह रेलवे स्टेशन व देवघर रेलवे स्टेशन में 600 कमरे का गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जायेगा. मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा डोरमेट्री बनाने पर अधिक व्यय करने का निर्देश दिया. पर्यटन सचिव ने सीएम को अवगत कराया कि सर्किट हाउस के आगे रविंद्रनाथ टैगोर कलचरल कॉम्प्लेक्स के लिए पांच एकड़ जमीन उपलब्ध हो गया है, इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होने के साथ-साथ 500 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी.
जल्द ही इस कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य प्रारंभ हो जायेगा. पर्यटन सचिव ने बैठक में जानकारी दी कि भारत सरकार द्वारा फुड क्राफ्ट संस्थान की स्वीकृति दी गई है, इसका निर्माण कार्य चल रहा है. मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के पदाधिकारी को देवघर के सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं की कड़ी निगरानी कर समय पर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया.
