बदहवास हालत में मिली गायब श्रद्धालु महिला
देवघर: बिहार अंतर्गत मधुबनी जिले के जयनगर की निवासी श्रद्धालु महिला संगीता साह सोमवार सुबह करीब आठ बजे गायब हो गयी थी. घटना के 24 घंटे बाद वह परिजनों को शिवगंगा के समीप ही बदहवास हालत में मिली. पति गणेश महतो के अनुसार संगीता को सुध-बुध नहीं था. वह कुछ से कुछ बोल रही थी. […]
देवघर: बिहार अंतर्गत मधुबनी जिले के जयनगर की निवासी श्रद्धालु महिला संगीता साह सोमवार सुबह करीब आठ बजे गायब हो गयी थी. घटना के 24 घंटे बाद वह परिजनों को शिवगंगा के समीप ही बदहवास हालत में मिली. पति गणेश महतो के अनुसार संगीता को सुध-बुध नहीं था. वह कुछ से कुछ बोल रही थी. रातभर कहां और किस परिस्थिति में रही, इस बारे में भी संगीता कुछ बोल नहीं पा रही है. उसकी हालत देखकर परिजनों ने संगीता को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया है.
ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसके कई जांच भी लिखे हैं. परिजनों के मुताबिक, बच्चे के मुंडन में परिवार के लोगों व रिश्तेदार के साथ संगीता सोमवार सुबह में बाबाधाम पहुंची थी.
शिवगंगा में स्नान करने के बाद ही वह रहस्यमय परिस्थिति में गायब हो गयी थी. इस संबंध में परिजनों ने मंदिर थाना में संगीता की गुमशुदगी की शिकायत भी की थी. हालांकि मंदिर थाना की पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया था और एक रजिस्टर में सिर्फ संगीता के नाम-पता व परिजनों का संपर्क नंबर लिख लिया था. संगीता को सदर अस्पताल में भरती कर इलाज कराया जा रहा है. परिजन उसके ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं.