प्रवेश कार्ड दिखाकर टेंट सिटी में तीन घंटे तक नि:शुल्क रह सकेंगे श्रद्धालु

देवघर: मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए श्रावणी मेले की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. बैठक में रांची से मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, पुलिस महानिदेशक डीके पांडेय व विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव व सचिव मौजूद थे. समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि मेले की बेहतर व्यवस्था करें, पैसे की कमी नहीं होगी, सरकार […]

देवघर: मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए श्रावणी मेले की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. बैठक में रांची से मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, पुलिस महानिदेशक डीके पांडेय व विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव व सचिव मौजूद थे. समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि मेले की बेहतर व्यवस्था करें, पैसे की कमी नहीं होगी, सरकार आपके साथ है.

श्रावणी मेला में व्यवस्था इलाहाबाद व कुंभ के समतुल्य हो. डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने मुख्य सचिव को जानकारी दी कि दुम्मा, शिवभक्त मंडल व बाघमारा अस्थायी बस स्टैंड तथा जसीडीह में बस स्टैंड के पास 300 यूनिट टेंट सिटी का निर्माण कराया जायेगा. डीसी ने कहा कि कोई श्रद्धालु टेंट सिटी का भुगतान नहीं कर पायेगा, इसलिए श्रद्धालुओं को प्रवेश कार्ड पर तीन घंटे विश्राम नि:शुल्क करने की सुविधा देंगे.

नये सदर अस्पताल में आइसीयू व पुराने भवन में ट्रामा सेंटर : स्वास्थ्य विभाग की तैयारी के बारे में मुख्य सचिव को डीसी ने जानकारी दी कि नये सदर अस्पताल में आइसीयू की व्यवस्था कर दी गयी है. पुराने अस्पताल भवन में ट्रामा सेंटर बनाया जायेगा. वहीं मेला क्षेत्र में 29 स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किये जायेंगे. मेले में 98 चिकित्सक एवं 250 पारा मेडिकल स्टाफ की प्रतिनियुक्ति की जा रही है. पूरे मेला क्षेत्र में 30 एंबुलेंस जीपीएस से लैस रहेंगे. इस पर चालक की निगरानी एक गार्ड की प्रतिनियुक्ति रहेगी. मुख्य सचिव ने सभी प्रतिनियुक्त डॉक्टरों व पारा मेडिकल स्टाफ को सात जुलाई तक योगदान करने का निर्देश दिया. इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि देवघर जिला को दवाई, उपकरण, कार्यालय व्ययन व वाहन अनुरक्षण के लिए 1.06 करोड़ आवंटित कर दिया गया है.
मेले के लिए 25 ट्रांसफाॅर्मर रिजर्व रहेंगे
मंदिर के आसपास विद्युत तारों को अंडरग्राउंड करने का काम लगभग पूरा हो गया है. ऊर्जा सचिव ने बताया कि देवघर को श्रावणी मेले के लिए 25 ट्रांसफार्मर रिजर्व में दिया जा रहा है. साथ ही 10 एमवए और पांच एमवीए का अलग से दो ट्रांसफार्मर दिया जा रहा है. श्रावणी मेला में विद्युत व्यवस्था के मॉनिटरिंग के लिए वरीय अफसरों की प्रतिनियुक्ति होगी. सचिव ने बताया कि कांवरिया पथ में सुसज्जित ढंग से प्रकाश की व्यवस्था के लिए तोरण द्वार पर स्पाइरल में बल्ब लगाये जायेंगे. मेले में इएसएल भी एलइडी बल्ब देगा. ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश की व्यवस्था के लिए ग्रामीण विकास विभाग से भी राशि की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. इसके अलावा देवघर से बासुकिनाथ पथ में 10 किमी तक सुसज्जित बल्ब की व्यवस्था होगी.
सांस्कृतिक कार्यक्रम करायेगा पर्यटन विभाग
पर्यटन सचिव ने बताया कि इवेंट मैनेजर बीज क्राफ्ट आर मित्रा एवं बीएड कॉलेज के प्रांगण में प्रत्येक दिन दो घंटे का सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कराया जायेगा तथा पांच पर्यटक सूचना केन्द्रों में एलइडी का प्रदर्शन किया जायेगा. पर्यटन सचिव ने नटराज विहार एवं बैद्यनाथ विहार को पर्यटकों के लिए सुरक्षित रखने तथा टेंट सिटी के बाहर पुलिस पिकेट बनवाने का निर्देश दिया. देवघर से इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में डीसी के अलावा एसपी ए विजयालक्ष्मी, डीडीसी जन्मेजय ठाकुर, नगर आयुक्त संजय कुमार सिंह,एसडीओ सुधीर गुप्ता,डीटीओ प्रेमलता मुर्मू, पीडब्ल्यूडी कार्यपालक अभियंता एके साहा, सिविल सर्जन एससी झा, डीपीआरओ बिंदेश्वरी झा,एसडीपीओ दीपक पांडेय आदि मौजूद थे.
डीजीपी ने कहा : सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था करें
डीजीपी डीके पांडेय ने कहा कि प्रशासन व पुलिस के बीच बेहतर तालमेल रहे. समेकित व्यवस्था करें ताकि कहीं कोई चूक न रह जाये. चाहे वह सुरक्षा का मामला हो या व्यवस्था का. डीजीपी ने कहा कि ड्यूटी में तैनात कर्मियों को आरओ वाटर मुहैया कराया जाये. विभिन्न अस्थायी ओपी में पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं नागरिक सेवा से संबंधित पदाधिकारी के बीच ठोस तालमेल रहे. देवघर हो या सुल्तानगंज दोनों जगहों पर श्रद्धालुओं की संख्या का आकलन होता रहे.
750 सफाई कर्मी तीन पालियों में करेंगे सफाई
नगर विकास विभाग ने पर्याप्त आवंटन देने की बात कही, ताकि पेयजल, प्रकाश, सफाई आदि की व्यापक व्यवस्था हो सके. नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि 750 की संख्या में तीन पालियों में क्षेत्रवार सफाई कर्मियों की सेवा ली जायेगी. पीएचइडी को सभी स्थलों पर बायो टॉयलेट के साथ-साथ सामान्य टॉयलेट लगाने, कांवरिया पथ पर इन्द्र व रूटलाइनिंग व ग्रामीण क्षेत्र में सफाई की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. नगर आयुक्त ने डीसी से 09 एकड़ में पथ निर्माण के लिए वन प्रमंडल से एनओसी दिलाने का अनुरोध किया.
मानसिंघी फुट ओवरब्रिज का सुदृढ़ीकरण समय पर कर लें
डीसी ने जानकारी दी कि क्यू काॅम्प्लेक्स में छह हॉल में कतार व्यवस्था से भीड़ मैनेजमेंट किया जायेगा. जिससे रूटलाइन की लंबाई में 3-4 किमी घट जायेगी. वहीं मुख्य सचिव ने कहा कि मानसिंघी फुट ओवरब्रिज के सुदृढ़ीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करवायें. इसके लिए उर्मिला कंस्ट्रक्शन को निर्देशित करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि फुट ओवरब्रिज के प्राक्कलन पर बीआइटी से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त कर लें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >